झज्‍जर में ब्लाइंड मर्डर मामले में मृतक की हुई शिनाख्त, हत्यारोपित की तलाश जारी

सिलानी गेट निवासी मनोज 16 सितंबर की रात को घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। इधर 17 सितंबर की सुबह गांव गुढ़ा के खेतों में एक व्यक्ति का शव मिला। जिसके सिर व चेहरे पर कुल्हाड़ी या किसी अन्य धारदार हथियार से हमला करके हत्या की गई थी।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 05:01 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 05:01 PM (IST)
झज्‍जर में ब्लाइंड मर्डर मामले में मृतक की हुई शिनाख्त, हत्यारोपित की तलाश जारी
झज्‍जर के सिलानी गेट निवासी मनोज का गुढ़ा के खेतों में मिला था शव, अब हुई पहचान

जागरण संवाददाता,झज्जर : गांव गुढ़ा के खेतों में मिला शव शहर के सिलानी गेट निवासी मनोज का था। जो 16 सितंबर की रात को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इधर, 17 सितंबर की सुबह गांव गुढ़ा के खेतों में एक व्यक्ति का शव मिला। जिसके सिर व चेहरे पर कुल्हाड़ी या किसी अन्य धारदार हथियार से हमला करके हत्या की गई थी। इसकी सूचना मिलते ही दुजाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी। शव मिलने के तीसरे दिन पुलिस मृतक की पहचान करने में सफल रही। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को स्वजनों के हवाले कर दिया।

17 सितंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गुढ़ा के खेतों में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक के सिर व चेहरे पर कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या करना सामने आया। जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने कड़ी में कदम बढ़ाते हुए पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर ली है। मृतक की पहचान झज्जर शहर के सिलानी गेट निवासी मनोज पुत्र रमेश के रूप में हुई है।

रमेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका बेटा शराब का आदी था। 16 सितंबर शाम तक मनोज घर पर ही था। रात को करीब 8-8:30 बजे वह घर से निकला है। किसी से मिलने की बात कहकर घर से गया था। लेकिन वापस नहीं लौटा। लंबा समय बीतने के बाद परिवार वालों ने उसकी तलाश आरंभ की। रमेश को दो बेटे थे, जिसमें से छोटे बेटे की करीब एक वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं अब बड़े बेटे मनोज की भी मौत हो गई। मनोज की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। अभी तक उसको एक भी बच्चा नहीं है। मनोज की मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।

-दुजाना थाना प्रभारी शेरसिंह ने बताया कि गुढ़ा में मिले मृतक की शिनाख्त सिलानी गेट निवासी मनोज के रूप में हुई है। अब परिवार वालों से पूछताछ के आधार पर हत्यारोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर मामले को सुलझाने के लिए जुटी हुई है।

chat bot
आपका साथी