हिसार में निगम कर्मियों से हाथापाई कर पशु छुड़ा ले गए पशुपालक, इंचार्ज को दी जान से मारने की धमकी

हिसार में पुलिस के सामने पशुपालकों ने निगम टीम द्वारा नई सब्जीमंडी में पकड़ी गई करीब 15 गोवंश को छुड़ा ले गए। इस दौरान उन्होंने निगम के कर्मचारियों से मारपीट की साथ ही निगम टीम इंचार्ज देवेंद्र बिश्नोई को जान से मारने की धमकी भी दी।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Fri, 03 Sep 2021 11:18 AM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 11:18 AM (IST)
हिसार में निगम कर्मियों से हाथापाई कर पशु छुड़ा ले गए पशुपालक, इंचार्ज को दी जान से मारने की धमकी
हिसार में सब्जीमंडी में पकड़े गए करीब 15 गोवंश को जबरन छुड़ा ले गए पशुपालक।

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के बेसहारा पशुओं को दूध निकालकर सड़क पर छोड़ने वाले पशुपालकों के हौंसले काफी हद तक बढ़ चुके है। कानून का कोई डर उनमें नजर ही नहीं आ रहा है। यहीं कारण है कि शुक्रवार को पुलिस के सामने पशुपालकों ने निगम टीम द्वारा नई सब्जीमंडी में पकड़ी गई करीब 15 गोवंश को छुड़ा ले गए। साथ ही निगम टीम इंचार्ज देवेंद्र बिश्नोई को जान से मारने की धमकी भी दी। पशुपालक इस कदर दबंगई में थे कि उन्हें पुलिस तक का खौफ नहीं था और पुलिस की मौजूदगी में यह सारी घटना हुई। एक भी पशुपालक को पुलिस कर्मी नहीं पकड़ पाए। केवल डयूटी की औपचारिकता करते हुए मूकदर्शक बने नजर आए। वहीं अब निगम प्रशासन मामले में पुलिस कार्रवाई के लिए शिकायत देने की तैयारी कर रहा है। साथ ही इस पूरे मामले से आला अधिकारियों को भी अवगत करवा दिया गया है।

ऐसे हुई घटना

नगर निगम की टीम सुबह नई सब्जीमंडी में बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए पहुंची। उस दौरान करीब 40 से 50 गाेवंश सब्जीमंडी में मौजूद थे। निगम टीम ने उनमें से करीब 10-15 दुधारु पशु की पहचान कर उन्हें ही पकड़ने का लक्ष्य बनाते हुए उन्हें पकड़ लिया। टीम ने जैसे ही इन करीब 15 पशुओं को पकड़ा तो कुछ दी देर में वहां पर 10-15 पशुपालक आए। उनमें से चार-पांच तो सीधे ही निगम टीम के पास पहुंचे और टीम के साथ गाली-गलौच की। कुछ के हाथ में डंडे थे। उनमें से कुछ ने निगम टीम के साथ हाथापाई की और पकड़े हुए पशुओं को छुड़ा ले गए। इस दौरान टीम इंचार्ज को भी जान से मारने की धमकी दी।

गाड़ी में से भी उतार लिया गोवंश

पशुपालकों के हौंसले इतने बुलंद नजर आए कि उन्होंने नगर निगम की गाड़ी में चढ़ाई हुए गोवंश को भी गाड़ी से नीचे उतार लिया और ले गए। इसके अलावा निगम टीम ने जो गोवंश पकड़कर बांधे हुए थे। उन्हें रस्से समेत अपने साथ ले गए। इस दौरान जो भी निगम कर्मी आगे आया उसे धक्के मारकर पशु ले गए।

पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की हो रही तैयारी

पशु छुड़ाने के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी जहां मूकदर्शक बने रहे वहीं अब कार्रवाई के लिए शिकायत के इंतजार में है। इसी क्रम में अब नगर निगम की टीम इस मामले में पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इंचार्ज देवेंद्र इस मामले में पुलिस को शिकायत देने के लिए आला अफसरों से बातचीत की है। उनकी ओर से सहमति मिलते ही अब पुलिस को शिकायत देकर मामले में आगामी कार्रवाई करवाई जाएगी।

कई पशुपालकों को की पहचान

इंचार्ज देवेंद्र ने बताया कि निगम स्टाफ ने सबूत के तौर पर कुछ वीडियो व फोटो भी ली है। दो-चार पशुपालकों की हमने प्राथमिक तौर पर पहचान भी की है। इस बारे में भी पुलिस को अवगत करवाया जाएगा।

जान से मारने की धमकी दी

नगर निगम के अधिकारी देवेंद्र बिश्नोई ने करीब 10-15 पशुपालक आए और हमारे साथ हाथापाई कर पशु छुड़ा ले गए। मुझे जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी