कोरोना की दूसरी लहर ने फेरा पानी, हिसार सिविल अस्पताल में नहीं मिली डीएनबी कोर्स की मान्यता

हिसार सिविल अस्पताल को डीएनबी कोर्स की मान्यता नहीं मिल पाई है। कोरोना की दूसरी लहर के चलते फिलहाल कोई आसार नहीं हैं। 3 महीने पहले डीएनबी की टीम ने अस्पताल का दौरा किया था। अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर लिया गया था।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 11:35 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 11:35 AM (IST)
कोरोना की दूसरी लहर ने फेरा पानी, हिसार सिविल अस्पताल में नहीं मिली डीएनबी कोर्स की मान्यता
हिसार सिविल अस्पताल में डीएनबी कोर्स की मान्यता मिलने की संभावना अधिकारी जता रहे हैं।

हिसार, जेएनएन। कोरोना की दूसरी लहर के चलते हिसार के सिविल अस्पताल में डीएनबी कोर्स शुरू नहीं किए जा सके हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस बारे में जल्द ही डीएनबी टीम को सूचित किया जाएगा। टीम को सूचित करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सिविल अस्पताल में डीएनबी कोर्सेज को मान्यता देने के लिए करीब 3 महीने पहले डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड टीम ने सिविल अस्पताल का दौरा किया था। उस दौरान रोहतक से वरिष्ठ प्रोफेसर डॉक्टर संजीव नंदा टीम में शामिल थे। उन्होंने डीएनबी कोर्सेज की मान्यता देने के लिए सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया था। उन्होंने सिविल अस्पताल के फैमिली मेडिसिन विभाग, नाक- कान-गला विभाग, पीडियाट्रिक्स विभाग,  सर्जरी विभाग और प्रसूति विभाग का निरीक्षण किया था। उन्होंने यहां मिली सुविधाओं की एक रिपोर्ट तैयार करके उच्च अधिकारियों के पास भेजी थी। लेकिन इसके बाद कोरोना के केस बढ़े और जिले में प्रदेश के अन्य जिलों सहित लॉकडाउन लग गया। इसके बाद सिविल अस्पताल को अब तक डीएनबी कोर्स की मान्यता नहीं मिल पाई है।

टीम ने दिया था पॉजिटिव रेस्पॉन्स

गौरतलब है कि उपरोक्त टीम ने सिविल अस्पताल में निरीक्षण के बाद डीएनबी कोर्स की मान्यता देने बारे पॉजिटिव रेस्पॉन्स दिया था। मुख्यत चार विभागों पीडियाट्रिक्स कान, नाक, गला विभाग, सर्जरी और प्रसूति विभाग में डीएनबी कोर्स शुरू करने के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया था। इन कोर्सेज में अनुमति मिलने की संभावना स्वास्थ्य अधिकारी जता रहे हैं। सिविल अस्पताल को डीएनबी कोर्स को चलाने की अनुमति मिलने के बाद मेडिकल के विद्यार्थी उपरोक्त 4 कोर्सेज में यहां पढ़ाई के साथ ट्रेनिंग कर पाएंगे।

सिविल अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार

इसके लिए सिविल अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया गया है। अब सिर्फ डीएनबी द्वारा कोर्स की अनुमति मिलना बाकी रह गया है। अधिकारियों का कहना है कि अगर कोरोना की तीसरी लहर नहीं आती तो सिविल अस्पताल में अब तक कोर्स शुरू करने के लिए मान्यता मिल चुकी होती। संबंधित अधिकारियों ने यहां पर क्लासेज लगाने सहित अन्य स्ट्रक्चर तैयार कर लिया था। लेकिन कोरोना केस की रफ्तार के चलते अब तक डीबीएनबी कोर्स की मान्यता नहीं मिल पाई है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी