हरियाणा ने आंध्रप्रदेश को 14-0 से रौंदा

हिसार : राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं हरियाणा अंडर-14 टीम की कप्तान रानी (भ्

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jan 2019 02:37 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jan 2019 02:37 AM (IST)
हरियाणा ने आंध्रप्रदेश को 14-0 से रौंदा
हरियाणा ने आंध्रप्रदेश को 14-0 से रौंदा

जागरण संवाददाता, हिसार : राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं हरियाणा अंडर-14 टीम की कप्तान रानी (भतेरी) की आक्रामक एवं सूझबूझ भरी खेल की बदौलत हरियाणा की टीम ने 64वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स हॉकी प्रतियोगिता में आंध्रप्रदेश को 14-0 से रौंदकर जीत दर्ज की। एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में जारी इस प्रतियोगिता में शनिवार को हरियाणा एवं आंध्रप्रदेश के बीच खेला गया यह मुकाबला एकतरफा रहा। इस प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला में दोनों ही टीम के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के प्रति जुझारू खेल दिखाया। हरियाणा की टीम को आंध्रप्रदेश के खिलाफ जीत के लिए काफी मशक्कत नहीं करनी पड़ी। एक ओर जहा हरियाणा के खिलाड़ियों ने आक्रामक और तेज खेल की बदौलत अपनी बढ़त हासिल की, वहीं दूसरी ओर उन्होंने विपक्षी टीम आंध्रप्रदेश के खिलाड़ियों को बढ़त बनाने से रोके रखा। पहले मिनट में पहला गोल

खेल के शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखा रहे हरियाणा के खिलाड़ियों ने पहले मिनट में ही गोल कर बढ़त हासिल कर ली। कनिका ने साथी खिलाड़ियों की मदद से गोल कर हरियाणा को 1-0 से आगे कर दिया। विपक्षी टीम अभी कुछ समझ ही पाती कि अगले मिनट में ही टीम की ओर से बने तेज मूव का लाभ उठाते हुए तमन्ना ने टीम की बढ़त को दुगना कर दिया। 0-2 से पिछड़े आंध्रप्रदेश की टीम ने बढ़त के ख्याल से तेज खेल दिखाना शुरू कर दिया, लेकिन हरियाणा टीम की रक्षापंक्ति को तोड़ने में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। वहीं दूसरी ओर हरियाणा टीम अपने आक्रामक और तेज खेल की बदौलत पहले हाफ के अंत तक विपक्षी टीम पर 9 गोल दाग दिए। लगातार हमलों से पस्त हुआ आंध्रप्रदेश

0-9 से पिछड़े आंध्रप्रदेश के खिलाड़ियों ने सेकंड हाफ में कड़ा रक्षात्मक खेल दिखाना शुरू कर दिया, जिससे अगले 10 मिनट तक यह स्कोर स्थिर रहा। इसके बाद रणनीति बदलते हुए हरियाणा टीम की कप्तान रानी ने तेज खेल दिखाते हुए 22वें मिनट में गोल कर टीम को 10-0 से आगे कर दिया। आंध्रप्रदेश की टीम अभी अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी कि हरियाणा की ओर से नवनीत ने 27वें मिनट और मनीषा ने 31वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 12-0 से आगे कर दिया। सेकंड हाफ में हरियाणा की ओर से किए गए ताबड़-तोड़ हमलों से आंध्रप्रदेश के खिलाड़ी पस्त दिखे। खेल अपने समाप्ति की ओर बढ़ रही थी तभी हरियाणा की ओर से रानी और मनीषा ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत पर 14-0 की मुहर लगा दी। इस जीत के साथ हरियाणा टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

chat bot
आपका साथी