Haryana Weather Update: अरब सागर की तरफ से आई हवा और पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का मिजाज, ठंड से बचें

मौसम परिवर्तन के कारण हिसार में दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री लुढ़क कर 21.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जबकि रात्रि तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। दिन के समय बादल छाने से लोगों को ठंड का अहसास हुआ।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 09:23 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 09:23 AM (IST)
Haryana Weather Update: अरब सागर की तरफ से आई हवा और पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का मिजाज, ठंड से बचें
पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण लोगों ने नासूर बना हुआ।

हिसार, जागरण संवाददाता। हिसार में अभी तक रात्रि के समय ठंड पड़ रही थी और दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत थी। मगर बुधवार को मौसम बदल गया। आसमान पर बादल छाने से धूप निकली नहीं और दिन का तापमान भी गिर गया। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हो रहा है। मौसम विज्ञानियों ने मौसम बदलाव की पहले ही संभावना जताई थी।

तापमान में आई गिरावट

इस मौसम परिवर्तन के कारण हिसार में दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री लुढ़क कर 21.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जबकि रात्रि तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। दिन के समय बादल छाने से लोगों को ठंड का अहसास हुआ। इसके साथ ही अल सुबह और सायं के समय धुंध की चादर दिखाई दी। आने वाले दिनों में इस प्रकार का मौसम रहने की संभावना है। तीन दिसंबर को हल्की बारिश का अंदेशा भी जताया है। वहीं पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण लोगों ने नासूर बना हुआ है।

बारिश ही प्रदूषण के कणों को साफ कर सकेगी

बुधवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स 338 था तो सायं आते ही 363 तक पहुंच गया। इतना एक्यूआई भी लोगों के लिए हानिकारक है। अब बारिश ही प्रदूषण के कणों को साफ कर सकेगी। चौधरी चरण सिंह हरियाण कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर छह दिसंबर तक परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। मगर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के उत्तर दक्षिण क्षेत्रों में तीन दिसंबर रात्रि को कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।

इसके बाद पांच दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिसके आंशिक प्रभाव से पांच दिसंबर रात्रि व छह दिसंबर को राज्य में बादलवाई व हवा व गरजचमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी संभावित है। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में हल्की गिरावट परन्तु रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी