Haryana Weather Update: मानसून की बेरुखी, हरियाणा में उबलने लगा पारा, जानिये कब होगी बारिश

हरियाणा में 10 अगस्त के बाद से मानसून की बेरुखी जारी है। बारिश न होने से दिन का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। एसी भी फेल हो रहे हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार जल्द मौसम की परिस्थितियां बदलेंगी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 17 Aug 2021 12:31 PM (IST) Updated:Tue, 17 Aug 2021 12:31 PM (IST)
Haryana Weather Update: मानसून की बेरुखी, हरियाणा में उबलने लगा पारा, जानिये कब होगी बारिश
हिसार में दिन का तापमान 37.7 तो रात का तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

जागरण संवाददाता, हिसार। दक्षिण पश्चिम मानसून की बेरुखी के चलते हरियाणा में मानसून पर ब्रेक लग गया है। इसके कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तामपान सामान्य से अधिक चल रहा है। हिसार में दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसी प्रकार गुरुग्राम, रोहतक, सिरसा में भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान चल रहा है। इसके कारण लोगों को पिछले दो से तीन दिनों में काफी दिक्कत महसूस हो रही है। गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं। यहां तक कि एयर कंडीशन में भी लोगों की गर्मी का अहसास हो रहा है। इस मौसम में लोगों को अपना ध्यान रखने की सलाह चिकित्सक दे रहे हैं। शीतल पेय पदार्थों से खुद को ठीक रखें।

18 अगस्त से मौसम परिवर्तनशील

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार से मौसम परिवर्तनशील रहेगा। एनसीआर और दक्षिणी हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश आने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं। हालांकि दक्षिण पश्चिम मानसून की टर्फ रेखा मौजूदा समय में हिमालय की तलहटियों की तरफ है। इसको हरियाणा की तरफ आने में अभी कुछ और समय लग सकता है। वहीं बारिश के आंकड़ों को देखा जाए तो हरियाणा अधिकांश क्षेत्राें में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हरियाणा में 19 अगस्त तक मौसम परिवर्तनशील रहने व बीच-बीच में आंशिक बादल मगर 20 अगस्त से मौसम में बदलाव संभावित है।

अभी तक मौसम की यह थी स्थिति

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि मानसून की टर्फ रेखा अमृतसर, कुरुक्षेत्र, मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, जलपाईगुड़ी से उत्तरपूर्व की तरफ अरुणाचल प्रदेश तक बनी हुई थी। जो हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ चुकी है। इसी कारण गर्मी का अहसास हो रहा है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी