Haryana Weather Update: हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश, सड़कों पर जलभराव, 5 सितंबर तक बारिश के आसार

हरियाणा के हिसार समेत कई जिलों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसी क्रम में सबसे अधिक बारिश हिसार के बालसमंद में 125 एमएम दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार इस बारिश से हरियाणा में मानसून सीजन में ओवरआल सरप्लस बारिश हुई है।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Fri, 03 Sep 2021 01:05 PM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 01:05 PM (IST)
Haryana Weather Update: हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश, सड़कों पर जलभराव, 5 सितंबर तक बारिश के आसार
सबसे अधिक बारिश हिसार के बालसमंद में 125 एमएम दर्ज की गई।

हिसार, जागरण सवांददाता। हरियाणा में इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय भूमिका निभा रहा है। जिसके चलते इस बार हिसार सहित अन्य जिलों में पिछले तीन दिनों से बारिश लगातार हो रही है। इसी कड़ी में सबसे अधिक बारिश हिसार के बालसमंद में 125 एमएम दर्ज की गई है। इसके बाद सोनीपत में 54 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश से हरियाणा में इस मानसून सीजन में ओवरआल सरप्लस बारिश हुई है। 

बारिश से सड़कों पर जलभराव

गौरतलब है कि दक्षिण पश्चिम मानसून में प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से शहरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। शहर के कई क्षेत्रों में पानी घरों के भीतर तक घुस गया है। जिससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।  हिसार, गुरुग्राम, भिवानी सहित अन्य जिलों में बारिश वीरवार को भी दर्ज की गई थी। इस दौरान बीते 24 घंटे में सबसे अधिक गुरुग्राम में 41 एमएम तो भिवानी में 12 एमएम, हिसार में 10 एमएम व रोहतक में 9 एमएम बारिश दर्ज की गई। 

5 सितंबर तक बारिश के आसार

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाब का क्षेत्र बना है। उन्होंने बताया कि साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से प्रदेश में उत्तर व दक्षिण क्षेत्र के जिलों में ज्यादातर स्थानों पर हवा व गरजचमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश परन्तु पाश्चिमी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 

बारिश के कारण दिन के तामपान में आई गिरावट

कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून में बारिश के आसार पांच सितंबर तक है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी व दक्षिण पूर्व हरियाणा के कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण दिन के तामपान में काफी कमी आई है। हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं भिवानी में तीन तो गुरुग्राम में भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान कम है। 

सिरसा में 10 एमएम बारिश 

मौसम का मिजाज शुक्रवार को सुबह से बदल गया। चौपटा क्षेत्र में दस एमएम बारिश व अन्य क्षेत्रों में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। इस बूंदाबांदी से धान व ग्वार की फसल को फायदा मिला है। इसी के साथ  बारिश से तापमान में गिरावट है। जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल नजर आ रहे थे।  शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 हो गया। जबकि वीरवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा।

chat bot
आपका साथी