Haryana Weather Update: हरियाणा में 30 जनवरी तक छाएगी धुंध, शीतलहर से ठिठुरे लोग

मौसम विज्ञानियों के अुनसार धुंध इस माह के अंत तक यानि 30 जनवरी तक भी रह सकती है। इसके साथ ही इस बार अधिक दिनों तक ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। मार्च माह में भी लोगों को ठंड का अनुभव होगा।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 12:33 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 12:33 PM (IST)
Haryana Weather Update: हरियाणा में 30 जनवरी तक छाएगी धुंध, शीतलहर से ठिठुरे लोग
हरियाणा में इस बार सर्दी शुरू भी जल्‍दी हुई और रहेगी भी लंबे समय तक

हिसार, जेएनएन। एक बार फिर से मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड ने लोगों के हाथ पैर गलाने शुरू कर दिए हैं। अभी तीन दिन पहले जहां आसमान साफ होने से लोगों को अच्छी धूप नसीब हुई तो एक बार फिर से बादलों से आसमान घिरा नजर आ रहा है। इसके साथ ही शीतलहर चलने से रात्रि तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।

सोमवार को रात्रि तापमान औंधे मुंह गिरता दिखाई दिया। हिसार में सबसे कम 4.2 डिग्री सेल्सियस रात्रि तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद दूसरे स्थान पर नारनौल में 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सोमवार सुबह धूप नहीं निकली वहीं धुंध से वाहनों की रफ्तार थमती दिखाई दी।  जनवरी के आखिर में जहां सर्दी हल्‍की कम होने लग‍ती है इस बार ज्‍यों की त्‍यों बनी हुई है। धूप कम निकलने से और भी ज्‍यादा परेशानी है।

पहाड़ों पर हुई बर्फवारी से मैदानी क्षेत्रों में चली शीतलहर

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि अब शीतलहर के साथ बादलवाई के कारण सर्दी बढ़ रही है। इसका एक कारण यह है कि हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेश को पास किया। जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। इसके बाद पहाड़ी क्षेत्रों से चली हवाओं ने मैदानी क्षेत्र क्षेत्र में गलन बढ़ाने का काम किया है।  राज्य में फिर से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट व सुबह के समय धुंध आने की संभावना है।

30 जनवरी तक धुंध रोकेगी रास्ता

पहाड़ों की तरफ से उत्तर पश्चिमी हवाएं जब मैदानी क्षेत्रों में प्रवेश कर रही हैं। यह तापमान तो कम करने का काम कर ही रही हैं साथ ही धुंध भी बनाएंगी। मौसम विज्ञानियों की मानें तो धुंध इस माह के अंत तक यानि 30 जनवरी तक भी रह सकती है। इसके साथ ही इस बार अधिक दिनों तक ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। मार्च माह में भी लोगों को ठंड का अनुभव होगा। वहीं किसानों के लिए यह पश्चिमी विक्षोभ की बारिश काफी फायदेमंद है। विज्ञानियों के अनुसार फसलों को पानी की जरूरत पूरी होगी।

प्रदेश में यह रहा तापमान

जिला- न्यूनतम

अंबाला- 9.6

भिवानी- 7.8

चंडीगढ़- 11.0

पंचकूला- 10.5

हिसार- 4.2

करनाल- 9.0

नारनौल- 4.3

रोहतक- 7.6

सिरसा- 5.1

नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।

chat bot
आपका साथी