Haryana Weather News: सिरसा में तेज हवा के साथ बारिश, हिसार में छाए बादल, चांद के दीदार में हो सकती है परेशानी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हरियाणा में अगले 48 घंटे में ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा कहीं कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश तथा दक्षिण हरियाणा में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 12:11 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 12:11 PM (IST)
Haryana Weather News: सिरसा में तेज हवा के साथ बारिश, हिसार में छाए बादल, चांद के दीदार में हो सकती है परेशानी
हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है

जागरण संवाददाता, सिरसा : उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने व पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव हुआ है। इससे रविवार तड़के तेज हवा के साथ सिरसा में बारिश हुई वहीं कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। बारिश से कई जगह पकी धान की फसल भी बिछ गई। इससे धान व कपास की फसल को नुकसान हुआ है। मौसम बदलाव होने से किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा कहीं कहीं गरज, चमक के साथ हल्की बारिश तथा दक्षिण हरियाणा में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है। करवा चौथ पर चांद का दीदार होने में भी परेशानी आ सकती है।

कटाई कढ़ाई का कार्य रूका

रविवार तड़के तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। सबसे ज्यादा बारिश गोलेवाला में 15 एमएम हुई। इसी के साथ सिरसा व रोड़ी में 10-10 एमएम बारिश, पंजुआना में 9 एमएम, कालांवाली, खइया मलकाना, अबूबशहर में 6-6 एमएम बारिश हुई। बारिश होने से फसलों की कटाई कढ़ाई का कार्य रुक गया है। इस समय किसान कपास की चुगाई व धान की कटाई कढ़ाई का कार्य कर रहे हैं। बारिश होने से कार्य रूक गया है। किसान रामसिंह, लीलूराम, राम सिंह बगडियां, सुभाष ने बताया कि मौसम खराब होने से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समय फसल कटाई का सीजन चल रहा है। अब हुई बारिश से नुकसान हो रहा है।

तापमान में आई गिरावट

बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है। इससे सुबह व रात्रि के समय ठंड का असर रहने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रहा।

जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रहा। चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. मदनलाल खिचड़ ने बताया कि रविवार को मौसम में बदलाव रहने की संभावना है। इसी के साथ 25 अक्टूबर राज्य में मौसम खुश्क व तापमान में हल्की गिरावट संभावित है। मौसम में रात्रि के समय न्यूनतम तापमान में कमी आने लगी है।

chat bot
आपका साथी