Sirsa drug smugglers: सिरसा में नशा तस्करों की संपत्ति पर हरियाणा पुलिस की निगाहें, कुर्क करने की सिफारिश

आपरेशन क्लीन की शुरूआत के साथ ही पुलिस नशा तस्करी से संपत्ति अर्जित करने वालों पर निगाहें टेढ़ी कर रही हैं। तस्करी से बनी संपत्ति को कानून का सहारा लेकर उन्हें कुर्क करवाया जाएगा ताकि दूसरे लोगों को भी सबक मिले जो तस्करी के दलदल में फंसते जा रहे हैं।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 08:47 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 08:47 AM (IST)
Sirsa drug smugglers: सिरसा में नशा तस्करों की संपत्ति पर हरियाणा पुलिस की निगाहें, कुर्क करने की सिफारिश
सिरसा में एनडीपीएस एक्ट में संलिप्त तस्करों की पुलिस ने बनाई सूची, अब मांगा जा रहा विवरण

जागरण संवाददाता, सिरसा : जिले में नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए आपरेशन क्लीन की शुरूआत के साथ ही पुलिस नशा तस्करी से संपत्ति अर्जित करने वालों पर निगाहें टेढ़ी कर रही हैं। तस्करी से बनी संपत्ति को कानून का सहारा लेकर उन्हें कुर्क करवाया जाएगा ताकि दूसरे लोगों को भी सबक मिले जो तस्करी के दलदल में फंसते जा रहे हैं। जिला पुलिस ने प्रत्येक थाना क्षेत्र से तस्करों का विवरण एकत्रित कर लिया है और अब उनकी संपत्ति का विवरण जुटाया जाएगा। वर्ष 2008 के बाद पुलिस दूसरी बार तस्करों की संपत्ति पर निगाहें डाल रही है। तब मामला राजस्व विभाग से जुड़े केंद्रीय ट्रिब्यूनल तक गया था और लंबे समय तक संपत्ति की खरीद फरोख्त पर रोक रही थी।

30 से अधिक तस्करों के बारे में मांगा विवरण

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना क्षेत्र में तस्करी से जुड़े लोगों का डाटा जुटा लिया है। इनमें से उन लोगों की सूची अलग की गई है जो तस्करी से धन अर्जित कर रहे हैं और उससे प्रापर्टी या अन्य चीज खरीद रहे हैं। बताया जा रहा है कि 30 से अधिक लोगों का विवरण तैयार हो चुका है जिनके बारे पुलिस अब गहराई से जांच कर रही है। राजस्व विभाग से भी उनका डाटा एकत्रित किया जाएगा लेकिन पहले पुलिस अपने स्तर पर संपत्ति का ब्यौरा एकत्रित कर रही है। फिर राजस्व विभाग से संबंधित संपत्ति का ब्यौरा मांगा जाएगा।

मेडिकल नशे पर भी फोकस, उनका भी खंगाला जा रहा डाटा

पुलिस प्रशासन अफीम, हेरोइन, गांजा व इससे मिलते-जुलते नशे के अलावा मेडिकल नशे को भी गंभीर समस्या मानता है। सिरसा में मेडिकल नशा दिन-प्रतिदिन पांव पसार रहा है। मेडिकल से इंजेक्शन व गोलियां नशेड़ियों को आराम से मिल रहे हैं। पुलिस इस पर भी निगरानी कर रही है और मेडिकल नशे से संपत्ति जुटाने वाले लोगों का विवरण भी तैयार होगा।

-----

नशा सिरसा की एक गंभीर समस्या है। इसका समाधान केवल सप्लाई रोकना नहीं है बल्कि तस्करों की संपत्ति पर भी कार्रवाई करनी होगी। इसीलिए पुलिस ने तस्करों के संबंध में थानावार डाटा जुटाया है। कुछ नाम सामने आए हैं उनकी संपत्ति का विवरण एकत्रित कर रहे हैं। संपत्ति कुर्क कराए जाने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभाग में केस डाला जाएगा।

डा. अर्पित जैन, एसपी सिरसा

chat bot
आपका साथी