Haryana Monsoon News: हिसार में 30 साल पहले बरसे थे इस तरह बदरा, 24 घंटे में 130 एमएम बारिश

दक्षिण पश्चिमी मानसून ने इस मिड सीजन में ही कमाल कर दिया है। पिछले 24 घंटे में हिसार में 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम के जानकार मानते हैं कि 30 वर्ष पहले हिसार में इतनी बारिश आई थी।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 04:00 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 04:00 PM (IST)
Haryana Monsoon News: हिसार में 30 साल पहले बरसे थे इस तरह बदरा, 24 घंटे में 130 एमएम बारिश
हिसार में इतनी बारिश हुई है कि शहर के पुराने क्षेत्रों में पानी भर गया।

जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार जैसे ड्राई क्षेत्र में दक्षिण पश्चिमी मानसून ने इस मिड सीजन में ही कमाल कर दिया है। पिछले 24 घंटे में हिसार में 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम के जानकार मानते हैं कि 30 वर्ष पहले हिसार में इतनी बारिश आई थी। इतनी बारिश से शहर के पुराने क्षेत्रों में पानी भर गया। सिर्फ यह नहीं बल्कि पहले मौसम विज्ञानी मान रहे थे कि इस साल ताक्ते और यास चक्रवात के कारण मानसून अधिक सक्रिय है मगर यह स्थिति अब साफ हो गई है।

मौजूदा समय में दक्षिण पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है इसी कारण बारिश हो रही है। इसके सक्रिय होने में या प्रदेश में अधिक बारिश करने में चक्रवातों का अधिक रोल नहीं है। यह बारिश आगे कुछ कम होकर अगले कुछ दिन तक जारी रहेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग में वरिष्ठ विज्ञानी डा. शिवेंद्र सिंह बताते हैं कि चक्रवात या साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कुछ दिन तक बारिश हो सकती है मगर यह मानसून को अधिक प्रभावित नहीं करते हैं। मानसून की हवाएं अपने तरीके से आगे बढ़ती है, ब्रेक लेती हैं और फिर सक्रिय होती हैं।

------------------

एचएयू की वेधशाला के अनुसार बारिश की स्थिति

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की कृषि मौसम वेधशाला के रिकार्ड के अनुसार एक जुलाई से 30 जुलाई (सुबह 7.27 बजे) तक 164 मिलीमीटर कुल वर्षा हुई। जुलाई महीने की सामान्य बारिश 123.4 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। वहीं 27 जुलाई से 30 जुलाई तक वर्षा 128.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। पिछले चोबीस घण्टो में (29 जुलाई सुबह 7.27 बजे से 30 जुलाई सुबह 7.27 बजे तक )बारिश 80.5 मिलीमीटर दर्ज की गई। एचएयू की मौसम वेधशाला खुले खेतों में स्थापित है इसलिए यहां और भारत मौसम विभाग से अलग बारिश के आंकड़े रहते हैं।

हरियाणा में बारिश की अच्छी स्थिति

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी पर बने एक कम दबाब का क्षेत्र, उत्तर पाकिस्तान के साथ लगते पंजाब पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने व मानसून टर्फ सामान्य स्थिति में आने से हरियाणा में मानसून कल 27 जुलाई से पूरी तरह से सक्रिय हो गया। जिससे राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन भी बारिश हुई। मौसमी सिस्टमों के बने रहने से मानसून की सक्रियता हरियाणा में 31 जुलाई तक बने रहने की संभावना है जिससे राज्य के ज्यादातर स्थानों पर हवायों व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश भी होने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी