Haryana Monsoon Alert: हिसार सहित हरियाणा में मानसून ने पकड़ा जोर, जानें कब तक होगी बारिश
हिसार में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। इसके कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण जलभराव इतना हो गया कि वाहन तक पानी में फंस गए। बुधवार को बारिश ने इस बार के मानसून में हुई बारिश को पीछे छोड़ दिया है।
जागरण संवाददाता, हिसार : मानसून पूरे जोरों पर है। पिछले दिनों प्रदेश में कम बारिश के बाद अब दो दिन से मानसून ने जोर पकड़ लिया है। हिसार में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। इसके कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण जलभराव इतना हो गया कि वाहन तक पानी में फंस गए। हिसार में मंगलवार को 13 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। मगर बुधवार को बारिश ने इस बार के मानसून में हुई बारिश को पीछे छोड़ दिया है। हिसार में अब तक 74 एमएम बारिश दर्ज की गई है। वहीं प्रदेश की बात करें आधे से ज्यादा जिलो में बारिश हो रही है। हिसार शहर की बात करें यहां सुबह से हो रही बारिश के कारण सड़कें पूरी तरह से पानी डूब गई।
वहीं प्रदेश में बारिश से मौसम एक बार फिर से सुहाना हो गया है। हरियाणा के अधिकांश शहरों में बारिश ने गर्मी और उमस को धाेने का काम किया है। हिसार में जहां पिछले कई दिनों से गर्मी पड़ रही थी तो मंगलवार और बुधवार को दिन सुहाना दिखाई दिया। मौसम विज्ञानियों की मानें तो प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। अगले तीन चार दिनों में उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी हरियाणा के शहरों में बारिश की संभावना है।
आगे तीन दिनों तक मानसून सक्रिय
चंडीगढ़ स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शिवेंद्र सिंह बताते हैं कि आगामी तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा। इसके कारण उत्तरी और पूर्वी हरियाणा में बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले एक कम दबाब का क्षेत्र से 26 जुलाई से मानसून हरियाणा में फिर से और सक्रिय होने की संभावना है। जिससे 29 जुलाई के बीच राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवा व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना है।
हिसार में बारिश के कारण इन इलाकों में सड़कों पर जलभराव
- शहर की हार्ट लाइन यानि दिल्ली रोड पर पूर्वमंत्री सावित्री जिंदल के घर के पास से लेकर लग्न पैलेस और विद्युत नगर और पुष्पा काप्लेक्स के सामने घंटों जलभराव रहा।
- कप्तान स्कूल मांग मार्ग
- डीएन ब्रह्म महाविद्यालय मार्ग।
- विधायक आवास के पास बालसमंद से घोड़ाफार्म रोड
- पटेल नगर में मेन सड़क से लेकर गलियों की स्थिति तो बेहतर खराब थी।
- सत्य नगर की मेन सड़क।
- सरकार को जहां से करोड़ों के टैक्स आय होती है वह इंडस्ट्रियल एरिया में तो 24 घंटे में भी बरसात के पानी की निकासी नहीं हुई।
- मिलगेट में जिंदल पार्क के पास।
- नई सब्जीमंडी के मैन गेट के सामने जलभराव रहा।
---
मंगलवार को इन जगहों पर इतनी हुई थी बारिश
जिला- बारिश (मिलीमीटर)
करनाल- 58
हिसार- 13.5
अंबाला- 13
पंचकूला- 3
गुरुग्राम- 18.6
नारनौल- 10
सिरसा- 0.6