मरीजों के लिए खुशखबरी, हिसार सिविल अस्पताल में मिलेगी पत्थरी और अन्य अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा

हिसार में स्वास्थ्य विभाग की खुद की अल्ट्रासाउंड की मशीन होने के चलते सिविल अस्पताल में सभी लोगों के निशुल्क अल्ट्रासाउंड किए जा रहे है। जिससे आमजन को बेहद जरुरी यह सुविधा निशुल्क मिलने लगी है और सुविधा शुरु होने से यहां पहले से अधिक भीड़ होने लगी है।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Thu, 02 Sep 2021 03:05 PM (IST) Updated:Thu, 02 Sep 2021 03:05 PM (IST)
मरीजों के लिए खुशखबरी, हिसार सिविल अस्पताल में मिलेगी पत्थरी और अन्य अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा
हिसार सिविल अस्पताल में पत्थरी व पेट की अन्य समस्याओं के लिए अल्ट्रासाउंड की फ्री सुविधा मिलने लगी है।

जागरण संवाददाता, हिसार। सिविल अस्पताल में रेडियोलोजिस्ट आने से अब गर्भवती महिलाओं समेत पत्थरी व पेट की अन्य समस्याओं के लिए भी अल्ट्रासाउंड की फ्री सुविधा मिलने लगी है। सिविल अस्पताल में करीब तीन साल बाद अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिली हैं, क्योंकि सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करने के लिए रेडियोलोजिस्ट ही नहीं था। जिसके चलते पिछले तीन सालों से गर्भवती महिलाओं सहित अन्य लोगों को बाहर से महंगे दामों में अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ रहा था। वहीं पहले सिविल अस्पताल में रेडक्रास की तरफ से अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी गई थी।

लेकिन उस दौरान गर्भवती महिलाओं को छोड़कर अन्य सभी लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 100 से 150 रुपये अतिरिक्त चार्ज भी देना पड़ता था। लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग की खुद की अल्ट्रासाउंड की मशीन होने के चलते सिविल अस्पताल में सभी लोगों के निशुल्क अल्ट्रासाउंड किए जा रहे है। जिससे आमजन को बेहद जरुरी यह सुविधा निशुल्क मिलने लगी है और सुविधा शुरु होने से यहां पहले से अधिक भीड़ होने लगी है।

रोजाना हो रहे 150 अल्ट्रासाउंड

पहले जहां प्रतिदिन 90 के करीब अल्ट्रासाउंड होते थे, वहीं अब सिविल अस्पताल में 150 अल्ट्रासाउंड रोजाना होने लगे है। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा देने के लिए निजी अस्पतालों से अनुबंध किया था। अनुबंध के अनुसार गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासांउड करवाने के लिए सिविल अस्पताल में गायनी डाक्टर से चेकअप करवाने के बाद चिकित्सक के लिखने पर पर्ची बनाकर अल्ट्रासाउंड के लिए भेजा जाता था। लेकिन इस प्रक्रिया में महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की सुविधा एक ही बार मिलती थी, जबकि गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान करीब तीन बार अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता है। लेकिन महिलाओं को एक से अधिक बार सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की निशुल्क सुविधा है। अब निशुल्क सुविधा मिलने से अन्य मरीज भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा लेने लगे है।

निशुल्क सुविधाएं मिलना शुरू हो गई है

हिसार सीएमओ डाक्टर रत्नाभारती ने बताया कि सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने से गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों काे निशुल्क सुविधा मिलनी शुरु हो गई है। रेडियोलोजिस्ट लगातार यहां सुचारु तरीके से काम करते रहे, इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे है।

chat bot
आपका साथी