रोहतक में एक कप चाय के दाम में मिल रहा भरपेट भोजन, महिलाओं ने संभाल रखी है जिम्‍मेदारी

शहर में ही एक जगह ऐसी भी है जहां आपको एक चाय के दाम में ही भरपेट भोजन मिल जाएगा। जिसमें रोटी चावल दाल व एक अन्य सब्जी शामिल होंगी। रोहतक की नई अनाज मंडी में बनी किसान-मजदूर कैंटीन से लोगों का पेट भर रहा है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 03:50 PM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 03:50 PM (IST)
रोहतक में एक कप चाय के दाम में मिल रहा भरपेट भोजन, महिलाओं ने संभाल रखी है जिम्‍मेदारी
रोहतक की नई अनाज मंडी की कैंटीन में 10 रुपये में चार रोटी, दो सब्जी व चावल भी मिल रहे

रोहतक [रतन चंदेल] रोहतक में एक कप चाय की कीमत 10 रुपये है। जब भूख लगी हो तो केवल चाय से पेट नहीं भर पाएगा। लेकिन शहर में ही एक जगह ऐसी भी है जहां आपको एक चाय के दाम में ही भरपेट भोजन मिल जाएगा। जिसमें रोटी, चावल, दाल व एक अन्य सब्जी शामिल होंगी। यहां हम बात कर रहे हैं रोहतक की नई अनाज मंडी में बनी किसान-मजदूर कैंटीन की। जिसमें आने वालों को खाने की यह सुविधा मिल रही है। किसान मजदूरों के साथ ही आम जन भी यहां 10 रुपये देकर भरपेट खाने का लुत्फ उठा सकते हैं। रोजाना यह कैंटीन दिन में 11 से चार बजे तक संचालित की जाती है।

इस कैंटीन का संचालन महिला समूह की ओर से किया जा रहा है। धन लक्ष्मी महिला समूह की ओर से संचालित इस हाईजीन कैंटीन में बैठने की भी उचित व्यवस्था है। समूह में 11 सदस्य ैंहैं। जो शहर व आसपास के गांवों से आती है। समूह की सदस्यों का कहना है कि कैंटीन के कार्य में स्वच्छता पर विशेष रूप से जोर दिया जाता है। कैंटीन में दी जाने वाली 10 रुपये की थाली में चार रोटी, दो सब्जी व चावल भी मिलते हैं। चावल न लेने वाले को छह रोटी दी जाती है। इन दिनों मंडी में रबी फसलों की खरीद जोर पकड़ रही है। एेसे में यहां किसान व मजदूर आने शुरू हो गए हैं। लेकिन मंडी में आने वाले अनेक लोगों को इस कैंटीन की जानकारी नहीं है। ऐसे में मंडी में आने वाले किसान व मजदूर यहां दोपहर के समय भरपेट खाना खाकर इस कैंटीन का लाभ उठा सकते हैं।

कूपन लेने पर मिलता है खाना

महिला समूह की सदस्य ओमपति ने बताया कि यहां कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। एक विंडो पर 10 रुपये जमा कराने पर कूपन दिया जाएगा। इस कूपन को अगली विंडो पर देने से आपको खाने की थाली मिल जाएगी। जिसके बाद आप पास में बनी टेबल व चेयर पर बैठकर अाप खाना खा सकते हैं।

रोहतक मार्केट कमेटी सचिव देवेंद्र ढुल ने कहा कि नई अनाज मंडी में किसान मजदूर कैंटीन बनी है। जिसका संचालन महिला समूह कर रहा है। यहां पर केवल 10 रुपये में घर के खाने का स्वाद मिलता है। मंडी में आने वाले किसान व मजदूर आदि इस कैंटीन का लाभ उठा सकते हैं।

chat bot
आपका साथी