Free Ration: बहादुरगढ़ में राशन डिपो के बाहर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, ये है वजह

बहादुरगढ़ में राशन न मिलने से परेशान महिलाओं ने राशन डिपो के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मौके पर पहुंचे खाद्य आपूर्ति निरीक्षक राकेश हुड्डा का भी घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं को निरीक्षक ने काफी समझाया लेकिन वे नहीं मानी।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 05:05 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 05:05 PM (IST)
Free Ration: बहादुरगढ़ में राशन डिपो के बाहर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, ये है वजह
बहादुरगढ़ में मुफ्त राशन ना मिलने के कारण महिलाओं ने राशन डिपो के बाहर प्रदर्शन किया।

बहादुरगढ़, जागरण संवाददाता। वार्ड 23 के शक्ति नगर में कई दिनों से राशन न मिलने से परेशान महिलाओं ने राशन डिपो के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मौके पर पहुंचे खाद्य आपूर्ति निरीक्षक राकेश हुड्डा का भी घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं को विभाग के निरीक्षक ने काफी समझाया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुई। बाद में निरीक्षक राकेश हुड्डा व डिपो संचालक सुभाष ने बताया कि मुफ्त वाले राशन की सप्लाई कम हुई थी। अब वह राशन खत्म हो चुका है। सप्लाई मिलते ही लाभार्थियों में उसका वितरण किया जाएगा। करीब एक घंटे बाद महिलाएं अधिकारियों की ओर से मिले आश्वासन के बार घर लौट गई।

राशन देने की मांग

महिलाओं की सूचना पर मौके पर पहुंचे नगर परिषद की निवर्तमान चेयरपर्सन शीला राठी के प्रतिनिधि संदीप राठी ने अधिकारियों व डिपो संचालक से उनका राशन देेने की मांग उठाई। सोमवार को डिपो पर पहुंची शक्ति नगर व बादली रोड की प्रीतम कालोनी से शीला, सुनीता, मालती, अनीता, शीला, शोभा, मंजू, रतनी, ममता ओमी, कमलेश व राजबाला ने बताया कि वे दो माह से डिपो संचालक के पास आ रहे हैं और उन्हें पीएम मोदी की ओर से भेजा गया राशन नहीं मिल रहा है। कई बार डिपो के चक्कर काट लिए। डिपो संचालक सुभाष हर बार उन्हें टरका देता है। कुछ दिन पूर्व उसने सोमवार को राशन देने के लिए बुलाया था लेकिन फिर से राशन न होने का बहाना बनाकर मुफ्त राशन देने से इंकार कर दिया। इस पर महिलाओं ने हंगामा कर दिया।

महिलाओं ने किया घेराव

डिपो पर हंगामे की सूचना मिलते ही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक राकेश हुड्डा भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं को उन्होंने शांत करने की कोशिश की लेकिन राशन न मिलने से परेशान महिलाओं ने उनका भी घेराव कर दिया। राकेश हुड्डा व डिपो संचालक सुभाष ने बताया कि डिपो पर पर्याप्त मात्रा में पीएम मोदी वाले मुफ्त राशन के तहत गेहूं नहीं आया। करीब तीन हजार क्विंटल गेहूं आया था जो वितरित कर दिया गया था। पीछे से राशन मिलते ही जिन लोगों को राशन नहीं मिला है उन्हें भी वितरित कर दिया जाएगा। राशन की मांग भेजी गई है।

chat bot
आपका साथी