भारत से ऐसा लगाव कि संस्‍कृति जानने को 3500 किमी साइकिल यात्रा करेगा फ्रांस का बुजुर्ग दंपती

फ्रांस के 68 वर्षीय डेनियल व उनकी पत्नी 65 वर्षीय जैनिन भारत और नेपाल की संस्कृति, रीति-रिवाज, खानपान इत्यादि की जानकारी जुटाने के लिए साइकिल यात्रा पर निकले हैं।

By manoj kumarEdited By: Publish:Wed, 16 Jan 2019 06:45 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jan 2019 06:20 PM (IST)
भारत से ऐसा लगाव कि संस्‍कृति जानने को 3500 किमी साइकिल यात्रा करेगा फ्रांस का बुजुर्ग दंपती
भारत से ऐसा लगाव कि संस्‍कृति जानने को 3500 किमी साइकिल यात्रा करेगा फ्रांस का बुजुर्ग दंपती

चरखी दादरी/जेएनएन। किसी भी देश की संस्‍कृति, रीति -रिवाज के बारे में जानने की उत्‍सुकता तो हर किसी के मन में रहती है। इसके बारे में जानने के लिए हम इंटरनेट की मदद भी लेते रहते हैं। मगर सोचिए अगर कोई दूसरे देश से साइकिल पर सवार हो किसी देश की संस्‍कृति के बारे में जानने के लिए निकल पड़े तो क्‍या हो। वो भी उम्र के उस पड़ाव में जब हमारा शरीर मेहनत करने पर हमारा साथ पूरी तरह से न दे सके। मगर फ्रांस के 68 वर्षीय डेनियल व उनकी पत्नी 65 वर्षीय जैनिन भारत और नेपाल की संस्कृति, रीति-रिवाज, खानपान इत्यादि की जानकारी जुटाने के लिए साइकिल पर्यटक के तौर पर निकले हैं।

हरियाणा के दादरी में फ्रांस के बुजुर्ग दंपती को शहर में घूमता देख स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। दैनिक जागरण से बात करते हुए दंपती ने बताया कि उन्‍हें दोनों ही देशों से इतना लगाव है कि वो बीती 11 जनवरी से यह साइकिल यात्रा शुरू की है। वो दिल्‍ली से चले थे और अब भारत के राजस्थान में स्थित जोधपुर शहर से लेकर नेपाल के काठमांडू तक का भ्रमण करेंगे। उन्होंने बताया कि यह साइकिल यात्रा 11 जनवरी से 22 मार्च तक चलेगी। दंपती झज्जर होते हुए दादरी पहुंचा तथा बाद में यहां से लोहारू की तरफ रवाना हो गए।

जज्‍बे पर हावी न हो सकी उम्र

फ्रांस के दंपती डेनियल व जैनिन ने बताया कि इस यात्रा के दौरान वे दोनों देशों में करीब 3500 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। अलग-अलग साइकिल पर सवार दंपती द्वारा जरूरत का सारा सामान साथ लेकर यात्रा कर रहे है। हैरानी की बात यह है कि जिस उम्र में अधिकांश लोगों का शरीर साथ छोड़ने लगता है, उस उम्र में फ्रांस दंपती द्वारा साइकिल पर इतनी लंबी यात्रा से यहां के लोग भी काफी प्रेरित हुए।

दोनों देशों की जानेंगे संस्कृति

साइकिल पर्यटक डेनियल व जैनिन ने बताया कि भारत व नेपाल में साइकिल यात्रा का मुख्य मकसद दोनों देशों की संस्कृति को जानना है। इस यात्रा के दौरान वे इन देशों में रहने वाले लोगों के जीवन जीने का तरीका, रीति-रिवाज, वातावरण के बारे में जानकारी लेंगे। इस यात्रा के दौरान वे दोनों देशों में लोगों के खानपान के बारे में भी जानकारियां जुटा रहे है।

पर्यटन स्थलों का करेंगे दौरा

फ्रांस के दंपती ने बताया कि 50 दिनों की इस यात्रा के दौरान वे दोनों देशों की संस्कृतियों के अलावा मशहूर पर्यटन स्थल भी घूमेंगे। जिसमें आगरा स्थित ताज महल, जयपुर स्थित हवा महल के अलावा वाराणसी में गंगा नदी के किनारे भी जाएंगे। साथ ही नेपाल में पोखरा, चितवन नेशनल पार्क, काठमांडू, पाटन, बख्तीपुर के अलावा पहाड़ों पर ट्रैकिंग भी की जाएगी।

chat bot
आपका साथी