नहर में मिले चुन्नी से हाथ बंधे चार शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
मृतकों में 35 वर्षीय व्यक्ति 30 साल की महिला करीब नौ साल की लड़की व आठ साल का लड़का है। चारों के हाथ हरे रंग की चुनरी से बंधे हैं। शवों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
सिरसा, जेएनएन। सिरसा में एक दर्दनाक मंजर और घटना सामने आई है। यहां नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव लुदेसर के समीप बहने वाली नोहर फीडर में चार शव बरामद हुए। मृतकों में 35 वर्षीय व्यक्ति, 30 साल की महिला, करीब नौ साल की लड़की व आठ साल का लड़का है। चारों के हाथ हरे रंग की चुनरी से बंधे हैं। शाम को जब गांव के बच्चे नहाने के लिए यहां आए तो उन्हें नहर में शव दिखाई दिए। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शवों को बाहर निकाला। पुलिस इनके पहचान में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृत व्यक्ति ने टी शर्ट पहनी हुई है जबकि महिला ने हरे रंग का सूट पहना है। लड़के ने पेंट शर्ट व लड़की ने सूट पहना हुआ है। युवक के दाएं हाथ पर अंग्रेजी में केएसएसडी गुदा हुआ है। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा गया है। यह आत्महत्या है या फिर हत्या इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। सभी लाेग एक ही परिवार के लग रहे हैं।
आत्महत्या करने का अंदेशा
एक ही चुनरी से हाथ बंधे होने के कारण पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि पुलिस के अधिकारियों का यह भी कहना है कि अभी कई एंगलों पर जांच करनी होगी। सबसे जरूरी पहचान होना है। पुलिस के अनुसार शव पंजाब से बहकर यहां आ सकते हैं। यह भाखड़ा मेन ब्रांच से निकली नहर है जो पंजाब के पटियाला व कई अन्य जिलों से गुजरती है।
हो सकती है साजिश
पुलिस ने बताया कि यह भी हो सकता है कि किसी ने पहले जबरन इनके हाथ बांधे हो और फिर नहर में धक्का दे दिया हो। या फिर नशा देकर नहर में फेंका हो। सिरसा पुलिस अधिकारियों का यह भी कहना है कि सिरसा में किसी दंपती व उसके दो बच्चों की गुमशुदगी की सूचना नहीं है।