नहर में चुन्‍नी से हाथ बंधे मिले चार शवों की अब तक नहीं हुई शिनाख्‍त, दौड़ रही पुलिस

सिरसा के लुदेसर गांव के समीप नोहर फीडर से व्यक्ति महिला लड़का-लड़की के हाथ एक ही चुन्नी से बंधे मिले शव। पहचान के बाद ही हत्‍या या आत्‍महत्‍या के राज से उठ सकेगा पर्दा

By Manoj KumarEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 12:10 PM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 12:10 PM (IST)
नहर में चुन्‍नी से हाथ बंधे मिले चार शवों की अब तक नहीं हुई शिनाख्‍त, दौड़ रही पुलिस
नहर में चुन्‍नी से हाथ बंधे मिले चार शवों की अब तक नहीं हुई शिनाख्‍त, दौड़ रही पुलिस

सिरसा, जेएनएन। सिरसा में नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव लुदेसर के समीप नोहर फीडर से बरामद हुए चार शवों की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई। एक ही चुन्नी से सभी शवों का एक-एक हाथ बंधा हुआ था। पुरुष की उम्र करीबन 35 वर्ष, महिला की 30 वर्ष, लड़की 9 साल, लड़का 6 साल आयु के नजर आ रहे हैं। चारों शवों को अस्पताल में रखवाया गया है और अभी उनका पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया है। शिनाख्त न होने की स्थिति में 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम होगा।

बता दें कि बुधवार शाम को युवक नहर में नहाने के लिए गए तो उन्हें शव तरतें नजर आए। इसके बाद सूचना ग्रामीणों व पुलिस को दी गई। शवों को बाहर निकाला गया तो सभी का एक-एक हाथ एक ही चुन्नी से बंधा हुआ था। पुलिस इसे आरंभिक ²ष्टि से आत्महत्या का मामला मान रही है। यह नहर भाखड़ा से निकली भाखड़ा मैन ब्रांच से होकर फतेहाबाद के टोहाना से होते हुए सिरसा के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करती है। नोहर फीडर में पानी का बहाव भी तेज है।

शिनाख्त के लिए पंजाब में प्रयास कर रही पुलिस

बुधवार रात्रि को ही पुलिस ने चारों मृतकों के फोटो विभिन्न पुलिस थाना को जारी कर दिए। राजस्थान व पंजाब को भी फोटो जारी कर गुमशुदा व्यक्तियों के बारे में जानकारी मांगी है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद तक पहचान नहीं हो पाई। पुलिस के अधिकारियों के अनुसार शव पंजाब से बहकर सिरसा तक आए हैं। अनुमान यह है कि शव निकालने से 72 घंटे पहले नहर में गिरे हैं लेकिन पानी में तरने के कारण शव अधिक फूले नहीं। इसीलिए पुलिस अब पंजाब के पटियाला, संगरूर और मानसा पुलिस से संपर्क कर वहां से जानकारी हासिल कर रही है ताकि शवों की पहचान हो सके।

नहीं मिल रही एक ही परिवार के चारों की गुमशुदगी की रिपोर्ट

जांच अधिकारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश के अनुसार पुलिस ने पंजाब में संपर्क किया है लेकिन कहीं भी एक ही परिवार के चार सदस्यों की गुमशुदगी की रिपोर्ट नहीं मिली है। इसी वजह से पहचान होने में परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि आरंभिक ²ष्टि में यह सुसाइड का मामला लगता है लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच करेगी। सबसे पहले पहचान होना जरूरी है। इसीलिए पहचान के लिए प्रयास कर रहे हैं। व्यक्ति के हाथ पर अंग्रेजी में केएस एसडी लिखा हुआ है। व्यक्ति ने टी शर्ट पहनी हुई है जबकि महिला ने हरे रंग का शूट पहना हुआ। लड़के ने जींस की पेंट व शर्ट तथा लड़की ने सूट पहना हुआ है।

पंजाब के गोताखोरों को भी पुलिस ने भेजा संदेश

उप निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि पंजाब के खनौरी हेड पर गोताखोर हैं और वहां के गोताखोरों को भी संदेश भेजा गया है। क्योंकि भाखड़ा मैन नहर में जब भी कोई गिरता है तो इन गोताखोरों से पुलिस संपर्क करती है। इसके अलावा दूसरी नहरों पर शव ढूंढने वाले गोताखोरों को भी इसकी सूचना दी गई है। उन्होंने बताया कि सिरसा या फतेहाबाद से कोई नहर में गिरता तो इसकी सूचना आ जाती है इसलिए हो सकता है कि पंजाब से शव बहकर यहां आ गए हों।

chat bot
आपका साथी