भिवानी के बाल सेवा आश्रम में पांच कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह, गूंजी शहनाई

पांच बेटियाें के परिणय सूत्र में बंधने को लेकर आश्रम में बहुत ही अच्छे ढंग से तैयारी की है। यह परंपरा लंबे समय से यहां चली आ रही है और जरुरतमंदों के लिए इस आश्रम में हर संभव मदद मुहैया करवाई जाती है। वैदिक रीति रिवाज के साथ शादी हुई।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 05:07 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 05:07 PM (IST)
भिवानी के बाल सेवा आश्रम में पांच कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह, गूंजी शहनाई
भिवानी के बाल सेवा आश्रम में सामूहिक विवाह के दौरान जोड़े

भिवानी, जेएनएन। लाला लाजपतराय की जयंती पर भिवानी में आज बाल सेवा आश्रम में पांच कन्याओं के सामूहिक विवाह की तैयारी की गई। मंडप सजाया गया। समाज सेवी महिलाएं और पुरुष मंडप में पहुंचे। वैदिक रीति रिवाज के साथ शादी समारोह धूमधाम से होगा। दूल्हे गाजे बाजे के साथ बरात लेकर पहुंच रहे हैं। पांच बेटियाें के परिणय सूत्र में बंधने को लेकर आश्रम में बहुत ही अच्छे ढंग से तैयारी की है। यह परंपरा लंबे समय से यहां चली आ रही है और जरुरतमंदों के लिए इस आश्रम में हर संभव मदद मुहैया करवाई जाती है।

ये कन्याएं आज परिणय बंधन में बंधेंगी

काजल संग नवदीप, बिधलान सोनीपत, कविता संग विकास, हांसी, अमृता संग संजय पतराम गेट भिवानी, मोना संग सुरेंद्र बाढड़ा चरखी दादरी, सोनिया संग अमरजीत गांव खिड़वाली रोहतक के साथ परिणय होगा।

समारोह स्थल आश्रम में चल रहा शादी समारोह

बाल सेवा आश्रम में पांच कन्याओं के सामूहिक विवाह को लेकर नाच गाना, धूमधड़ाका चल रहा है। शहर और बाहर से मेहमान लगातार पहुंच रहे हैं। यहां पर खुशी का माहौल देखा जा सकता है।

कन्याओं को उपहार स्वरूप दिया जाएगा सामान

कन्याओं को यहां पर जो अपनापन मिलता है वह अपने आप में मिसाल है। उनके शादी समारोह में भी यह अपनापन देखने को मिल रहा है। आश्रम की तरफ से डबल बेड, टीवी, फ्रीज, रसोई गैस, सिलेंडर, कूलर, पंखे, अलमारी, बर्तन, सोने चांदी के गहने आदि के अलावा और भी बहुत सारा सामान दिया जाएगा। आश्रम के अलावा समाज सेवी और दानवीर लोग इन कन्याओं के शादी समारोह में दान स्वरूप राशि, आभूषण और दूसरे सामान आदि भेंट करने और बेटियों को आाशीर्वाद देने के लिए पहुंच रहे हैं। दूल्हा पक्ष की तरफ से भी बेटियों के लिए एक लाख रुपये का सिक्योरिटी बांड भी जमा करवाया जाता है।

आश्रम में अब तक 150 से ज्यादा कन्याओं की हो चुकी शादी

अाश्रम से मिली जानकारी के अनुसार लाला लाजपतराय द्वारा स्थापित बाल सेवा आश्रम में अब तक 150 से ज्यादा कन्याओं को परिणय बंधन में बांध कर उनका गृहस्थ जीवन बसाया जा चुका है। यहां रह रही कन्याओं में जो 18 वर्ष की उम्र पार कर जाती हैं उनका सामूहिक विवाह किया जाता है।

बेटियाें को स्वावलंबी बना रहा है आश्रम

यहां रह रही बेटियों को बाल सेवा आश्रम स्वावलंबी भी बना रहा है। बेटियों को यहां पर सिलाई कढ़ाई आदि सिखाई जाती है। इससे बेटियां अपना काम करके स्वावलंबन के साथ जीवन भी चला सकती है।

कोविड-19 से बचाव को प्रत्येक को किया जा रहा सैनिटाइजर

विवाह स्थल पर आने वाले सबके हैंड सैनिटाइज कराए जा रहे हैं। शारीरिक दूरी बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा जो भी जरूरी सुविधाएं हैं वे यहां पर सुलभ कराई जा रही हैं।

बाल सेवा आश्रम भिवानी अधीक्षक मनमोहन गिरी ने बताया कि आश्रम की तरफ से पांच कन्याओं के सामूहिक विवाह आज हो रहा है। इस पुनीत कार्य में भागीदार बनने के लिए शहर और बाहर से समाज सेवी लोग आशीर्वाद देने के लिए पहुंच रहे हैं। छोटी काशी भिवानी के लोगों मेें सेवाभाव हमेशा रहता है।

chat bot
आपका साथी