भिवानी में ब्‍लीचिंग पाउडर छिड़कते समय पांच नगर परिषद सफाई कर्मचारी हुए बेहोश

भिवानी में पांच कच्चे सफाई कर्मचारी सामान्य अस्पताल के पास कचरा उठाने के बाद ब्‍लीचिंग पाउडर छिड़कते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। कर्मचारियों को बेहोश व उलटी करते देखकर नप दरोगा पुरुषोत्तम दानव ने तुरंत प्रभाव से सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 05:19 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 05:19 PM (IST)
भिवानी में ब्‍लीचिंग पाउडर छिड़कते समय पांच नगर परिषद सफाई कर्मचारी हुए बेहोश
भिवानी में पांच कर्मचारियों के बेहोश होने का मामला सामने आया है

जागरण संवाददाता, भिवानी : नगर परिषद के पांच कच्चे सफाई कर्मचारी सामान्य अस्पताल के पास कचरा उठाने के बाद ब्‍लीचिंग पाउडर छिड़कते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। कर्मचारियों को बेहोश व उलटी करते देखकर नप दरोगा पुरुषोत्तम दानव ने तुरंत प्रभाव से सामान्य अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद नगर परिषद अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। नप डीएमसी राहुल नरवाल, कार्यकारी अधिकारी संजय यादव, चेयरमैन रणसिंह यादव सहित पूरा अमला सामान्य अस्पताल पहुंचा। चिकित्सकों ने करीब दो घंटे के उपचार के बाद पांचों कर्मचारियों की हालत खतरे से बाहर बताई है।

नगर परिषद दरोगा पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि उसके पास पांच कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्राली पर वीरवार को ड्यूटी दे रहे थे। वह कूड़ा उठाने के लिए सुबह करीब 8 बजे सामान्य अस्पताल के पास सरकुलर रोड पर पहुंचे। बतौर कच्चे कर्मचारी लगे सुमित कुमार, जगदीप, जोनी, सोमवीर व रिंकू वहां से कचरा उठाने के बाद बलिचिंग पाउडर छिड़कने लगे। इसी दौरान सबसे पहले सुमित की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह उलटी करने लगा। देखते-देखते दस मिनट में ही पांचों कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने बेहोश कर्मचारियों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया।

इसके बाद सूचना मिलते ही डीएमसी राहुल नरवाल, कार्यकारी अधिकारी संजय यादव, चेयरमैन रणसिंह यादव, वाइस चेयरमैन मामनचंद व सफाई निरीक्षक विकास देशवाल सामान्य अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने कर्मचारियों का इलाज अपनी मौजूदगी में शुरू करवाया। वहां पर घटना की सूचना पर अनेक कर्मचारी भी पहुंच गए। करीब दो घंटों तक अधिकारी व कर्मचारी वहां जमे रहे। पांचों कर्मचारियों की हालत दो घंटे बाद चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताई। इसके बाद ही सभी को राहत मिली।

----सभी कर्मचारी परिवार का हिस्सा होते है। कर्मचारियों की हालत अब ठीक है। नप अधिकारी इस मामले में गंभीर है और कर्मचारियों के साथ खड़े है। किसी तरह की भी इन कर्मचारियों को मदद की जरूरत पड़ेगी वह की जाएगी।

-- संजय यादव, कार्यकारी अधिकारी नप भिवानी --

chat bot
आपका साथी