Firing in Wedding: भिवानी में बाराती युवक ने दुल्हन के चाचा के सीने में मारी गोली, जानें कारण

भिवानी से बारात आई हुई थी। शादी के दौरान फेरे ठीक से हो गए और विदाई की रस्म चल रही थी। लेकिन इसी दौरान कुछ बाराती व गांव के ही युवक शराब के नशे में वहां हुड़दंग करने लगे।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 09:58 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 09:58 PM (IST)
Firing in Wedding: भिवानी में बाराती युवक ने दुल्हन के चाचा के सीने में मारी गोली, जानें कारण
विदाई की रस्म पर बाराती और गांव के युवक शराब के नशे में हुड़दंग करने लगे।

भिवानी, जागरण संवाददाता। भिवानी के गांव तिगड़ाना में लड़की की शादी के दौरान बारातियों को हंगामा करने पर रोकने पर ब्रेजा कार में आए युवकों ने दुल्हन के चाचा के सीने में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां से उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। गोली की घटना से शादी के रंग में अचानक भंग पड़ गया। आरोपित युवक ब्रेजा कार लेकर वहां से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। पुलिस ने घायल के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए है।

बारात में आए युवकों पर गोली चलाने का संदेह

गांव तिगड़ाना निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि सोमवार रात को उसके भाई धर्मवीर की लड़की सपना की शादी थी। भिवानी से बारात आई हुई थी। शादी के दौरान फेरे ठीक से हो गए और विदाई की रस्म चल रही थी। इसी दौरान कुछ बाराती व गांव के ही युवक शराब के नशे में वहां हुड़दंग करने लगे। दूल्हे के पिता को इस बारे में शिकायत कर पूरी बारात को भिवानी जाने के लिए कहा, लेकिन कुछ बाराती वहां रुकने की जिद करते रहे। देर रात को वह अपने ताऊ के लड़के दिनेश के साथ गली में खड़ा होकर विदाई के समय बातचीत कर रहा था। इसी दौरान कुछ हथियारबंद युवक ब्रेजा कार में सवार होकर आए। युवकों ने कार से उतर कर उस पर सीधा फायर किया। गोली उसके दाहिनी तरफ सीने में लगकर पार हो गई। वह जमीन पर बैठ गया। हमलावर मौका पाकर कार लेकर फरार हो गए। गोली चलने की घटना के बाद शादी के रंग में भंग पड़ गया। उसे सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां से उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। वहां पर उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। पुलिस ने उसके बयान पर हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया है।

हमलावर थे बाराती

घायल अशोक कुमार व परिजनों का कहना है कि गोली चलाने वाले आरोपित भिवानी से बारात में आए हुए थे। कई की पहचान कर पुलिस को नाम बताए गए है। आरोपितों ने शादी के रंग में भंग डाला है। पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार करे।

जांच अधिकारी के अनुसार

पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करेगी। पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

-- गिरीराज, जांच अधिकारी सदर थाना भिवानी 

chat bot
आपका साथी