आलू छीलने वाले चाकू से बनाई मशीन, मोबाइल से भी जोड़ा, ऐसा बनाता था भ्रूण लिंग जांच के नाम पर बेवकूफ

झज्जर में भ्रूण लिंग जांच के नाम पर महिलाओं को बेवकूफ बनाया जा रहा था। गिरोह के सरगना ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उसने आलू छीलने के चाकू पर टेप लगाकर नकली मशीन बनाई थी। उसे मोबाइल से जोड़ दिया था। इसी से महिलाओं को बेवकूफ बनाकर पैसे ऐंठता था।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 07:09 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 07:09 PM (IST)
आलू छीलने वाले चाकू से बनाई मशीन, मोबाइल से भी जोड़ा, ऐसा बनाता था भ्रूण लिंग जांच के नाम पर बेवकूफ
झज्जर में तीन दिन पूर्व लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था। चलती कार में लिंग जांच करते थे।

झज्जर, जेएनएन। चलती कार में लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद गिरोह के सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपित ने लिंग जांच के लिए अपना अलग से ही एक पोर्टेबल मशीन की तरह एक जुगाड़ बनाया हुआ था। जिसे मोबाइल की स्क्रीन से जोड़ा था। गिरोह के एक आरोपित को टीम पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जो महिलाओं को लिंग जांच के लिए भेजता था।

पीएनडीटी की नोडल अधिकारी डॉ. ममता ने बताया कि लिंग जांच के मामले की सूचना पर गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए टीम गठित की गई थी। इस टीम ने एक डिकोए महिला को तैयार किया। जिसके बाद लिंग जांच गिरोह के एक सदस्य जयदीप से संपर्क हुआ। तय सौदे के मुताबिक महिला को 14 जून को बुलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पुलिस के साथ डिकोए महिला के साथ रहते हुए रेवाड़ी पहुंची। जहां डिकोए महिला को पूछताछ के बहाने आरोपित कार में ले गया और वहां पर महिला के पेट में पल रहे बच्चे की लिंग जांच की। जब तक टीम उसे पकड़ पाती, वह मौके से फरार हो गया। इधर, टीम ने वापस आकर दलाल का काम करने वाले गिरोह के एक सदस्य जयदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के स्तर पर की गइ्र जांच और पूछताछ के बाद आरोपित प्रदीप को भी गिरफ्तार किया गया है।

आलू छीलने वाले चाकू से बनाया जुगाड़

डॉ. ममता ने बताया कि प्रदीप ने खुद ही एक छोटी सी मशीन बना रखी थी। इसके माध्यम से वह महिलाओं को बेवकूफ बनाता था। उस जुगाड़ के माध्यम से महिलाओं को दिखाता था कि उनके गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग जांच किया जा रहा है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। प्रदीप ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई पूछताछ में बताया कि उसने आलू छीलने वाले चाकू के ऊपर रूई व टेप लगाकर जुगाड़ बनाया हुआ था। इसको चार्जर के माध्यम से फोन पर कनेक्ट किया हुआ था। जिससे वह महिलाओं को बेवकूफ बनाने का काम करता था। साथ ही उसने बताया कि उसका यह दूसरा मामला था। अब वह पकड़ा गया। प्रदीप को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

खुद का अल्ट्रासाउंड करवाते समय आया आइडिया

स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपित प्रदीप ने बताया कि वह खुद अपना अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए गया था। इस दौरान उसने देखा कि चिकित्सक ने उसके पेट पर जेल लगाया है। उसी की नकल करते हुए वह अपनी कार में ही महिलाओं के पेट पर जेल लगाकर भ्रूण लिंग जांच करता था। हालांकि काम सफाई के साथ करता था, ताकि किसी को भी उस पर शक न हो। बहुत जल्द पैसा कमाने के चक्कर में उसने यह रास्ता अख्तियार किया।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी