ये कैसा पिता, रोहतक में शादी के नाम पर एक लाख रुपये में बेच दी 15 साल की बेटी

रोहतक में कलयुगी पिता की कालू करतूत सामने आई है। 15 साल की बेटी को पिता ने शादी के नाम पर एक लाख में बेच दिया। युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सैमाण गांव से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और पुलिस ने लड़की को छुड़ाया है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 05:25 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 05:25 PM (IST)
ये कैसा पिता, रोहतक में शादी के नाम पर एक लाख रुपये में बेच दी 15 साल की बेटी
रोहतक में बेची गई नाबालिग यूपी के बुलंदशहर की रहने वाली है। पिता और युवक पर केस दर्ज।

रोहतक, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली नाबालिग लड़की को सैमाण गांव से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और पुलिस ने मिलकर छुड़ा लिया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि नाबालिग लड़की को शादी के नाम पर उसके ही पिता ने एक लाख रुपये में बेचा था। लड़की की मर्जी के खिलाफ शादी की गई। महिला थाना पुलिस ने आरोपित युवक और नाबालिग लड़की के पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सूचना मिली थी कि महम थाना क्षेत्र के सैमाण गांव में एक नाबालिग लड़की शादी करके लाई गई है। इसके बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। तब जाकर पुलिस और कमेटी ने नाबालिग लड़की को वहां से छुड़ाया। पूछताछ में पता चला कि नाबालिग लड़की उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की रहने वाली है, जिसने अपनी उम्र 15 साल बताई है। यह भी पता चला है कि लड़की को उसके पिता ने ही युवक को बेचा था। इसके एवज में युवक ने लड़की के पिता को एक लाख रुपये दिए थे।

पिता व शादी करने वाले युवक पर केस दर्ज

इस पूरे मामले को लेकर चेयरपर्सन आशा रानी की तरफ से महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसमें युवक पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट और लड़की के पिता पर अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने लड़की के अन्य स्वजनों को इस बारे में जानकारी दी। लेकिन, बुधवार देर रात तक कोई भी स्वजन पुलिस के पास नहीं पहुंचा था। ऐसे में पुलिस ने लड़की को अपनी निगरानी में रखा हुआ है।

लड़की बालिग या नाबालिग, जांच में चलेगा पता

पुलिस ने बताया कि लड़की अपनी उम्र 15 साल बता रही है, लेकिन उसे देखकर लग रहा है कि वह बालिग भी हो सकती है। ऐसे में उसके स्वजनों से लड़की के प्रमाण पत्र भी मंगवाए गए हैं। यदि वह प्रमाण लेकर नहीं आते तो लड़की की मेडिकल जांच कराई जाएगी, जिसमें पता चलेगा कि वह बालिग है या नाबालिग।

दोनों आरोपितों को पकड़ने का प्रयास

रोहतक डीएसपी सुशीला ने बताया कि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की चेयरमैन की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। प्राथमिक जांच में एक लाख रुपये लेकर लड़की को बेचने की बात सामने आई है। फिलहाल दोनों आरोपितों को पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी