Crime in Charkhi Dadri: पारिवारिक कलह में पिता ने बेटे को गोली मारने के बाद खुद को भी मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

चरखी दादरी के वार्ड 18 पूर्ण नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे को गोली मारने के बाद खुद को भी मार ली। संजय सीआरपीएफ में हवलदार के पद पर तैनात है। फिलहाल उसकी ड्यूटी दिल्ली के झाड़ौदा में थी।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 06:05 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 06:05 PM (IST)
Crime in Charkhi Dadri: पारिवारिक कलह में पिता ने बेटे को गोली मारने के बाद खुद को भी मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
चरखी दादरी में पिता ने बेटे को मारी गोली।

चरखी दादरी, जागरण संवाददाता। चरखी दादरी के वार्ड 18 पूर्ण नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे को गोली मारने के बाद खुद को भी मार ली। पिता-पुत्र को गंभीर अवस्था में रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया है। घटना की वजह पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार

जानकारी के अनुसार झज्जर जिले के गांव झासवा निवासी करीब 42 वर्षीय संजय पिछले कुछ वर्षों से दादरी के वार्ड 18 पूर्ण नगर में परिवार सहित रहता है। संजय सीआरपीएफ में हवलदार के पद पर तैनात है। फिलहाल उसकी ड्यूटी दिल्ली के झाड़ौदा में थी। मंगलवार को ही वह अपने घर पर दादरी आया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर को उसकी अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान जब उसका करीब 18 वर्षीय बेटा हैप्पी बीच-बचाव करने लगा तो संजय ने गुस्से में उसके पैर में गोली मार दी। गोली चलते ही संजय की पत्नी व दूसरा बेटा बचने के लिए घर से बाहर आ गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। इस दौरान जब पड़ोस के लोग घर में घुसने लगे तो संजय ने उन्हें घर में घुसने से मना कर दिया। कुछ ही समय बाद संजय ने खुद के भी सिर में गोली मार ली। जिससे वह भी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद आस-पड़ोस के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तथा दोनों को उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में लेकर आए। यहां पर चिकित्सकों ने दोनों को गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पाकर दादरी सिटी थाना पुलिस, सीआइए पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में डीएसपी बली सिंह तथा फोरेंसिक साइंस लैब, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

गहनता से जांच जारी : एसएचओ

दादरी सिटी थाना प्रभारी वजीर सिंह के अनुसार अभी तक की जांच में सामने आया है कि संजय व उसकी पत्नी का आपस में झगड़ा था। उनका बेटा जब बीच-बचाव करने आया तो संजय ने पहले उसके पैर में गोली मार दी और फिर खुद के सिर में गोली मार ली। उन्होंने बताया कि वारदात में प्रयोग की गई पिस्तौल लाइसेंसी थी या अवैध, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी