फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 55 हजार घरों का किया सर्वे, 20 हजार को लगाई वैक्सीन
फतेहाबाद में वैक्सीनेशन अभियान तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इसी महीने 8 नवंबर से डोर-टू-डोर सर्वे किया है। इस अभियान के तहत अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम 55 हजार घरों का सर्वे कर चुकी है। इनमें से 20 हजार से लोगों को वैक्सीन भी लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : फतेहााबद जिले में वैक्सीनेशन अभियान तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इसी महीने 8 नवंबर से डोर-टू-डोर सर्वे किया है। इस अभियान के तहत अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम 55 हजार घरों का सर्वे कर चुकी है। इनमें से 20 हजार से लोगों को वैक्सीन भी लगाई गई है। इनमें से 9389 लोगों ने प्रथम तो 11563 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है। लेकिन 55 हजार घरों में में से 8 हजार लोग ऐसे भी मिले है जिन्होंने बीमारी होने का बहाना बनाकर वैक्सीन लगवाने से मना कर दिया है। ऐसे में जहां टीम गई वहां से ये इन लोगों का दस्तावेज भी लेकर आई है ताकि उच्चाधिकारियों को दिखा सके।
लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो कोरोनारोधी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। यह वैक्सीन 18 साल से अधिक व्यक्ति कोई भी लगवा सकता है। पहले चरण में केवल गर्भवती महिलाओं को रोका गया था, लेकिन अब तो स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इन महिलाओं को भी अनुमति दे दी है। ऐसे में अस्पताल में आने वाली ऐसी गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है ताकि उसका बच्चा भी इस कोरोना की बीमारी से सुरक्षित रह सके।
दूसरी डोज लगवाने वालों का प्रतिशत बढ़ा
स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीन की डोज लगवाने के लिए साढ़े 7 लाख लोगों को पात्र माना है। ऐसे में 5.63 लाख लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है। लेकिन वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने वालों का आंकड़ा कम था। यहीं कारण है कि स्वास्थ्य विभाग को डोर-टू-डोर अभियान चलाना पड़ा। अभियान से पूर्व जिले में दूसरी डोज लगवाने वालों का प्रतिश 35 था। लेकिन अब 42 प्रतिशत तक पहुंच गया है। ऐसे में इस अभियान के तहत 7 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। अगर अभियान ऐसे ही चलता रहा तो जल्द ही लोग कवर हो जाएंगे।
इन पात्रों को लगी वैक्सीन
पात्र प्रथम डोज द्वितीय डोज कुल
हेल्थ वर्कर 4787 4724 9511
फ्रंट लाइन वर्कर 2409 2002 4411
60 साल से अधिक 78427 43056 121483
45-59 साल तक 130094 70447 200541
18 साल से अधिक 348262 112378 460640
कुल 563979 232607 796586
-------
स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर-टू-डोर जाकर सर्वे करने के साथ वैक्सीन लगा रही है। पिछले 15 दिनों में 20 हजार लोगाें को वैक्सीन लगाई गई है। 55 हजार घरों का सर्वे किया गया है। इनमें से 8 हजार लोग ऐसे भी मिले है जिन्होंने वैक्सीन लगाने से मना कर दिया है। इन लोगों को समझाया जाएगा कि वैक्सीन जरूरी है।
डा. मेजर शरद तूली, नोडल अधिकारी फतेहाबाद।