हिसार में भाजपा कार्यकारिणी बैठक के दौरान किसानों का हंगामा, मनीष ग्रोवर बोले- ये लाल झंडे वाले

हिसार में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। प्रदर्शनकारी किसानों ने इस दौरान उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा के होर्डिंग्स फाड़ दिए। बैठक में भाग लेने पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रदर्शन किसान नहीं लाल झंडे वाले कर रहे हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 08:29 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 08:29 PM (IST)
हिसार में भाजपा कार्यकारिणी बैठक के दौरान किसानों का हंगामा, मनीष ग्रोवर बोले- ये लाल झंडे वाले
हिसार में भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के दौरान काले झंडे लेकर प्रदर्शन करते किसान।

हिसार, जेएनएन। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के दौरान हिसार में किसानों ने उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय से कुछ ही दूरी पर किसानों ने भाजपा के लगे होर्डिंग्स फाड़ डाले और झंडों को आग लगा दी। इस दौरान किसानों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की।

हालांकि कड़ी पुलिस सुरक्षा के दौरान किसानों को भाजपा कार्यालय के नजदीक नहीं जाने दिया। पुलिस ने किसानों के विरोध को देखते हुए बस स्टैंड के पास क्लॉथ मार्केट चौक से सिरसा चुंगी तक मेन रोड को छह घंटे तक सील कर दिया गया। इस दौरान वाहनों को ऑटो मार्केट रोड से गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी होते हुए डायवर्ट कर दिया गया। इससे शहर में पूरा दिन जाम जैसी स्थिति रही।

मनीष ग्रोवर बोले- तोड़फोड़ करने वाले लाल झंडे वाले

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने किसानों प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी बैठक करने का अधिकार है। देश में लोकतंत्र हैं किसानों ने जो भाजपा के होर्डिंग्स फाड़े हैं और झंडों को आग लगाई है वह कायरता पूर्ण कार्रवाई है। बैठक स्थल के बाहर तोड़फोड़ करने वाले लाल झंडे वाले हैं। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि लाल झंडा का इतिहास रहा है, यह जहां भी गए हैं वहीं पर तोड़फोड़ की है। उद्योगों पर ताले जुड़वाने में आगे रहे हैं और अब किसानों में भ्रम फैला रहे हैं। जबकि हरियाणा का असली, मेहनती, कर्मठ किसान भाई खेत में जुटा हुआ है।

भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में पहुंचे मनीष ग्रोवर का स्वागत करते कार्यकर्ता।

सात साल में अनाज का हर दाना खरीदा

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ग्रोवर ने कहा कि प्रदेश के हर किसान को पता है कि पिछले 7 साल के भाजपा के कार्यकाल में अनाज का हर दाना खरीदा गया है। खरीदे गए अनाज का पैसा सीधा किसान के खाते में गया है। हरियाणा भाजपा की सरकार ने दक्षिण हरियाणा के खेतों तक पानी पहुंचाने का ऐतिहासिक काम भी किया है। प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को ₹6000 की राशि भी सालाना

कुछ लोग किसानों को कर रहे भ्रमित

ग्रोवर ने कहा कि ऐसे अनेक फैसले हैं, जो किसान हित में प्रदेश और केंद्र की सरकार ने लिए हैं। लेकिन कुछ लोग पर्दे के पीछे बैठकर किसानों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। हाथों में लाल झंडे लेकर सड़कों पर उतर कर  किसी के भी कार्यक्रम में पहुंचकर हंगामा करना इनकी पुरानी आदत है। लाल झंडा यूनियन का इतिहास रहा है, देश के किसी भी राज्य में इन्होंने जहां-जहां प्रदर्शन किए हैं वहां ताले जड़ने का काम किया है। हरियाणा का किसान समझदार हैं और लाल झंडा यूनियन के झांसे में कतई नहीं आएगा। हरियाणा के गुरुग्राम में मारुती उधोग हो या फिर रोहतक का धागा मिल। ऐसे अनेक उदाहरण है जहां लाल झंडा वालों की बदौलत लोगों को हमेशा नुकसान उठाना पड़ा है।

जनता सब समझती है

पूर्व मंत्री ग्रोवर ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अगर लाल झंडा की नीतियां इतनी अच्छी होती तो आज पूरे देश के हर राज्य में लाल झंडा यूनियन वालों की सरकारें होती। जनता सब समझती है। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश में माहौल खराब करके किसानों के कंधे का इस्तेमाल कर सत्ता की कुर्सी तक पहुंचना चाहते हैं, ऐसे लोगों के सपने कभी पूरे नहीं होंगे। ग्रोवर ने कहा कि आज हिसार में प्रदेश कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें फैसला हुआ कि जनता के बीच पहुंचकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। सरकार की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का काम होगा। संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

जांगिड़ महासभा के राष्ट्रीय सचिव कुलवंत ने भाजपा ज्वाइन की 

उधर, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष ग्रोवर हिसार के सेक्टर 14 पहुंचे। यहाँ राष्ट्रीय जांगिड़ महासभा के राष्ट्रीय सचिव कुलवंत जांगड़ा ने अपने मित्रों के साथ भाजपा ज्वाइन की। जॉइनिंग के बाद जांगड़ा ने कहा, भाजपा हर वर्ग के हितों के लिए काम कर रही है विशेष रूप से जो कमजोर तबका है, उसके लिए सरकार ने अनेक जन कल्याणकारी नीतियां बनाई है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र,  हिसार से विधायक कमल गुप्ता, मेयर हिसार गौतम सरदाना और पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश बागड़ी सहित कई नेता मौजूद रहे।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी