किसान आंदोलन में बहादुरगढ़ के टिकरी बॉर्डर पर एक और मौत, अब तक 16 की जा चुकी जान

आंदोलन में मृत किसान की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले 83 वर्षीय जगीर सिंह के तौर पर हुई है। इस घटना को मिलाकर आंदोलन से जुड़े 16 लोग अब तक यहां पर अपनी जान गंवा चुके हैं। मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है

By Manoj KumarEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 04:54 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 04:54 PM (IST)
किसान आंदोलन में बहादुरगढ़ के टिकरी बॉर्डर पर एक और मौत, अब तक 16 की जा चुकी जान
ठंड के कारण किसान आंदोलन में 16 किसानों की माैत अब तक हो चुकी है

बहादुरगढ़, जेएनएन। कृषि कानूनों को रद करवाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में शुक्रवार को एक और मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले 83 वर्षीय जगीर सिंह के तौर पर हुई है। इस घटना को मिलाकर आंदोलन से जुड़े 16 लोग अब तक यहां पर अपनी जान गंवा चुके हैं। मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है। मृतक जगीर सिंह सदर थाना एरिया में बालौर चौक और नजफगढ़ रोड के बीच ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है कि रात को अच्छी तरह खाना खाकर सोया था, मगर सुबह उठाया तो वह दम तोड़ चुका था।

आसपास में स्थित किसानों को पता लगा तो वहां पर भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। टीम पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। जांच अधिकारी ने बताया कि शाम तक मृतक के परिवार के लोग यहां नहीं पहुंचे थे। गत 11 व 12 जनवरी को भी यहां पर एक-एक किसान की मौत हो गई थी। आंदोलन का शुक्रवार को 51वां दिन बीता। इस बीच अब तक हुई मौत के सभी मामलों में स्वजनों द्वारा सरकार से मुआवजा व नौकरी की मांग उठाई गई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से किसानों की इस मांग को सरकार तक पहुंचाया गया।

दो दिन बाद लिया था शव

12 जनवरी की सुबह बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 चौकी एरिया में 72 वर्षीय किसान अवतार सिंह की मौत हो गई थी। स्वजनों ने दो दिनों तक शव नहीं लिया। वीरवार को पोस्टमार्टम करवाने को राजी हुए थे। इसके बाद मृतक के पुत्र के ब्यान दर्ज किए गए।

chat bot
आपका साथी