झज्जर भाजपा कार्यालय का नींव पत्थर उखाड़ने के बाद भाजपा व किसान नेता आमने-सामने, किसान भवन बनाने की दी चेतावनी

झज्जर में भाजपा के नए कार्यालय के स्थल पर भूमि पूजन के बाद तोड़फोड़ की गई थी। किसान नेता चिंटू पहलवान छारा ने अब इस मामले पर नया वीडियो जारी किया है। कहा कि संयुक्त मोर्चा के आदेश पर भाजपा कार्यालय की नींव उखाड़ी थी।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 06:50 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 06:50 AM (IST)
झज्जर भाजपा कार्यालय का नींव पत्थर उखाड़ने के बाद भाजपा व किसान नेता आमने-सामने, किसान भवन बनाने की दी चेतावनी
वीडियो में भाजपा को चेतावनी देते चिंटू पहलवान छारा।

झज्जर, जेएनएन। जिला भाजपा कार्यालय का रविवार को भूमि पूजन किए जाने के बाद तोड़फोड़ करने के मामले में भाजपा व किसान नेता खुलकर आमने-सामने आ गए हैं। सीधे तौर पर यहां अब टकराव की स्थिति बनती दिख रही है। दरअसल, संयुक्त मोर्चा से जुड़े लोगों का नेतृत्व करने वाले चिंटू पहलवान छारा ने एक वीडियो जारी करते हुए भाजपा कार्यालय स्थल पर अब किसान भवन बनाने की चेतावनी दे डाली है।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में चिंटू साफ कह रहे हैं कि अब किसान जहां पर भाजपा कार्यालय बनाया जाना प्रस्तावित है, वहां किसान भवन बनाएंगे। नींव का पत्थर उखाड़ने के मामले में किसानों की ओर से जो भी विरोध की कार्रवाई की गई। वह संयुक्त मोर्चा के आदेश पर थी। कारण कि संयुक्त मोर्चा ने पहले ही आदेश दे रखे हैं कि कृषि कानूनों के रद न होने तक जहां पर भाजपा व जेजेपी नेताओं का कार्यक्रम होगा, उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि भविष्य में भी किसानों का भाजपा और जेजेपी नेताओं का विरोध इसी तरह से जारी रहेगा। उन्होंने इस मामले पर किसानों के खिलाफ भाजपा नेताओं द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर की कड़े शब्दों में निंदा की। अन्य लोगों से भी बातचीत की हैं, सभी ने बनाए गए काले कानूनों की निंदा की है। यह विरोध आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।

अनिल विज ने लिया था कड़ा संज्ञान

गौरतलब है कि हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने इस घटना पर कड़ा रुख अख्तियार किया था। विज ने कहा था कि इस मामले में कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। विज ने कहा था कि ऐसे मामलों में कानून अपना काम करेगा। उन्होंने किसान जत्थेबंदियों को चेतावनी दी कि वह सरकार की नरमी को कमजोरी समझने की गलती न करें। इस तरह की समाज विरोधी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी