Ellenabad Bypoll: चाचा-भतीजे ने शुरू किया चुनाव प्रचार, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा भी ऐलनाबाद पहुंची

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि किसानों पर कृषि कानून थोपे गये हैं। किसान बार्डर पर बैठकर धरना दे रहे हैं। इसके बाद भी अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद हलका राजस्थान सीमा के साथ सटा हुआ है।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 02:48 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 03:01 PM (IST)
Ellenabad Bypoll: चाचा-भतीजे ने शुरू किया चुनाव प्रचार, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा भी ऐलनाबाद पहुंची
नाराज पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने अपने भतीजे के लिए चुनाव प्रचार शुरू किया।

जागरण संवाददाता, सिरसा। ऐलनाबाद हलका से उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने पर नाराज पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने अपने भतीजे पवन बैनीवाल के लिए चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा भी ऐलनाबाद हलका में प्रत्याशी पवन बैनीवाल के साथ वोटों की अपील कर रही है। कुमारी सैलजा ने ऐलनाबाद हलका के गांव भुर्टवाला, पोहड़का, मिठी सुरेरा, खारी सुरेरा, किशनपुरा, मिठनपुरा, कर्मशाना, ढाणी शेरा, काशीराम का वास, नीमला, धोलपलिया गांव में दौरा करेगी।

भाजपा शासन से जनता दुखी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा शासन से जनता पूरी तरह से दुखी है। किसानों पर कृषि कानून थोपे गये हैं। किसान बार्डर पर बैठकर धरना दे रहे हैं। इसके बाद भी अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद हलका राजस्थान सीमा के साथ सटा हुआ है। इस हलका की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। जब कांग्रेस की सरकार थी तो सभी प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य होते थे। उन्होंने कहा कि इनेलो के विधायक अभय सिंह चौटाला ने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा कानूनों के खिलाफ दिया था। अभी तक कानून वापस नहीं हुए हैं। ऐसे में उनका चुनाव लड़ना उचित नहीं है।

ऐलनाबाद में होगी जीत

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि ऐलनाबाद हलका में जनता ने मन बना लिया है। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होगी। आने वाले समय में प्रेदश के अंदर कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसके बाद फिर से प्रदेशा में विकास कार्य होगा। पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श करके ही पार्टी का प्रचार करने का फैसला लिया है। इस चुनाव में गांव गांव जाकर पार्टी के प्रत्याशी पवन बैनीवाल का प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो शासन में जनता को दुखी किया गया।

chat bot
आपका साथी