Ellenabad By Poll: ऐलनाबाद उपचुनाव में बचे 10 दिन, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दाव पर, प्रचार में उतरे महारथी
उपचुनाव को लेकर अब महज 10 दिन शेष बचे हैं। उपचुनाव में चुनाव प्रचार तेजी से गति पकड़ रहा है। इस चुनाव में इनेलो से अभय सिंह कांग्रेस से पवन बैनीवाल तो भाजपा जजपा से गोबिंद कांडा मैदान में हैं।
जागरण संवाददाता, सिरसा : ऐलनाबाद विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर अब महज 10 दिन शेष बचे हैं। उपचुनाव में चुनाव प्रचार तेजी से गति पकड़ रहा है। इस चुनाव में इनेलो से अभय सिंह, कांग्रेस से पवन बैनीवाल तो भाजपा जजपा से गोबिंद कांडा मैदान में हैं। इस चुनाव में जहां अभय सिंह एक बार फिर क्षेत्र में अपनी सियासी पकड़ साबित करने के लिए दमखम लगा रहे हैं तो भाजपा और कांग्रेस इनेलो के गढ़ कहलाने वाले ऐलनाबाद पर कब्जा करने के लिए एड़ी चोटी का जाेर लगा रही है। वहीं बीजेपी प्रत्याशी जहां भी चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं वहां विरोध करने के लिए आंदोलनकारी पहुंच जाते हैं।
इनेलो की ओर से अभय सिंह व उनके पिताश्री पुर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला गांवों में सीधे मतदाताओं से रूबरू हो रहे हैं। कांग्रेस की ओर से प्रदेशाध्यक्ष कु. सैलजा लगातार गांवों में है। बुधवार से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी जनसंपर्क में उतरेंगे। उधर भाजपा व जजपा की पूरी टीम मैदान में है। सुभाष बराला, ओपी धनखड़, सांसद सुनीता दुग्गल, जजपा से अजय सिंह चौटाला, दिग्विजय चौटाला तथा हलोपा से गोपाल कांडा लगातार गांवों में मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं।
वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी जल्द भाजपा जजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार में उतरेंगे, उनके कार्यक्रम की तैयारियां चल रही है। चुनाव मैदान में डटे तीनों ही प्रत्याशी अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं और एक दूसरे पर कटाक्ष कर रहे हैं। यहां 30 अक्टूबर को चुनाव होने निश्चित है और दो नवंबर को मतगणना होगी।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
ऐलनाबाद उपचुनाव को शांतिपूर्वक करवाने को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। जिले में 42 कंपनियां बुलाई गई है। राजस्थान सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के और तगड़े प्रबंध किए गए हैं।