भिवानी में बोले दुष्यंत चौटाला, कहा- निजी बस संचालकों ने छात्राओं से किराया वसूला, तो कैंसिल होंगे परमिट

हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भिवानी में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने निजी बस संचालकों द्वारा छात्राओं से वसूले जा रहे किराये के मामले पर कहा कि निजी बस संचालक छात्राओं से किराया नहीं वसूल सकते। अगर कोई ऐसा करता है तो उसका परमिट कैंसिल होगा।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 09:52 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 09:52 PM (IST)
भिवानी में बोले दुष्यंत चौटाला, कहा- निजी बस संचालकों ने छात्राओं से किराया वसूला, तो कैंसिल होंगे परमिट
भिवानी के चौ. देवीलाल सदन में कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला।

जागरण संवाददाता, भिवानी। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कालेज जानी वाली छात्राओं के लिए जीरो पास लागू किया है यानि कालेज जाने वाली छात्राओं से न केवल सरकारी बसों में बल्कि प्राइवेट बसों में भी किसी प्रकार का किराया वसूल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्राइवेट बस संचालक किसी छात्रा से किराया मांगता है तो उसका वीडियो बनाकर भेजना। तुरंत प्रभाव से संबंधित बस का रूट परमिट कैंसल किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री रविवार देर शाम देवी लाल सदन में कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे थे।

विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार जनहित में कार्य कर रही है। कोरोना और किसान आंदोलन के चलते प्रभावित विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विरोधी लोग शुरू से ही गठबंधन सरकार के किसी भी समय टूटने का भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, लेकिन यह सब विरोधियों का मात्र भ्रम है। उन्होंने कहा कि जेजेपी अपने एजेंडे पूरी तरह कायम है। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की पंचायतों में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की गई है।

इसी प्रकार से बीसी ए का पंचायतों में आठ प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। चौटाला ने कहा कि उनके एजेंडे में शामिल निजी क्षेत्र में हरियाणा में लगे उद्योगों में प्रदेश के युवाओं के लिए 75 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है,जिनके सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। इससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने गठबंधन सरकार के दो साल के कार्यकाल में जेजेपी ने अब तक अपने एजेंडे में शामिल 40 प्रतिशत वादे पूरे करने का काम कर दिया है।

पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया न्यौता

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने देवीलाल सदन में जिले के कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए झज्जर रैली का न्यौता दिया। उन्होंने रैली को लेकर ड्यूटी के तहत काम करने और रैली को सफल बनाने की बात कही।

ये लोग रहे मौजूद

इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. केसी बांगड़, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, प्रदेश अध्यक्ष श्रमिक प्रकोष्ठ संजीव मंदोला, जिला प्रधान विजय सिंह गोठड़ा, पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज, राष्ट्रीय सचिव बलदेव घणघस, पार्षद ईश्वर मान, राम सिंह वैद्य, सीताराम सिंगल, अलका आर्य, युवा जिला प्रधान राजेश भारद्वाज, हलका बवानी हलका प्रधान जगदीश धनाना, ऋषिपाल फौगाट, रविंद्र पटौदी तोशाम, भिवानी शहरी प्रधान मामन प्रजापति, भिवानी हलका प्रधान उमेद गौरीपुर, महिला जिलाध्यक्ष सिलोचना पोटलिया, पार्टी जिला मीडिया प्रभारी शंकर आहूजा, डा. जयबीर बूरा, बबलू बामला आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी