Dulhan Shooting Case : नाबालिग चला रहा था गाड़ी, साहिल और अजय ने मारी थी दुल्हन को गोली

दुल्हन तनिष्का गोली कांड में सांपला के ग्रामीणों ने सोमवार को पंचायत कर तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। जो रोजाना पीजीआइएमएस में जाकर तनिष्का की हालत के बारे में डाक्टरों से जानकारी लेगी। मंगलवार को भी कमेटी के सदस्य पीजीआइएमएस में पहुंचे।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 08:27 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 08:27 PM (IST)
Dulhan Shooting Case : नाबालिग चला रहा था गाड़ी, साहिल और अजय ने मारी थी दुल्हन को गोली
रोहतक दुल्हन कांड में तीनों आरोपितों को लेकर एक घंटे तक दोहराया क्राइम सीन।

रोहतक, जागरण संवाददाता। रोहतक के भाली आनंदपुर गांव के बाहर दुल्हन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पांचवें नाबालिग आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। उधर, मंगलवार को बहुअकबरपुर थाना पुलिस मुख्य आरोपित साहिल, अजय उर्फ आलु और नाबालिग को लेकर भाली गांव के बाहर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने करीब एक घंटे तक क्राइम सीन दोहराया। इस दौरान आरोपितों ने बताया कि वारदात के समय नाबालिग आरोपित गाड़ी चला रहा था, जबकि आरोपित साहिल और अजय ने दुल्हन तनिष्का को गोली मारी थी।

भाली आनंदपुर गांव के बाहर दुल्हन तनिष्का को गोली मारने का मामला

दरअसल करीब 15 मिनट तक खूनी खेल चला। कई गोली मारने के बाद आरोपित साहिल ने तनिष्का को हिलाकर भी देखा था कि वह जिंदा तो नहीं बची, लेकिन गोली लगने के बाद तनिष्का लहुलूहान होकर गाड़ी की सीट पर गिर पड़ी थी। ऐसे में आरोपित उसे मृत समझकर वहां से फरार हो हुए थे। पुलिस ने तीनों आरोपिताें को साथ लेकर क्राइम सीन को रिक्रिएट किया। इसमें देखा गया कि वारदात के समय किस स्थान पर आरोपितों की गाड़ी खड़ी थी। आरोपित साहिल और अजय गाड़ी के अंदर थे या फिर बाहर थे। दूल्हे और अन्य लोगों को गाड़ी से कितनी दूर ले जाकर गन प्वाइंट पर लिया गया और वारदात के बाद आरोपित किस रास्ते से फरार हुए थे।

पकड़े जा चुके हैं पांच आरोपित

इस पूरे मामले में सबसे पहले दो नाबालिग आरोपित पकड़े गए थे, जिन्होंने वारदात से पहले शादी समारोह के दौरान रेकी की थी। उन्होंने मुख्य आरोपितों को बताया था कि फेरे हो चुके हैं और अब दुल्हन यहां से विदा हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित साहिल और अजय उर्फ आलु को गिरफ्तार किया था। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जबकि मंगलवार को पकड़े गए नाबालिग आरोपित को बाल सुधार गृह में भेज दिया गया है।

दोस्ती का वास्ता देकर आरोपित साहिल ने जोड़े थे बाकी आरोपित

इस मामले में मुख्य आरोपित साहिल है, जिसकी बाकी आरोपितों से जान-पहचान थी। उसने सबसे पहले अजय उर्फ आलु को अपने साथ शामिल किया। इसके बाद एक-एक कर तीन नाबालिग आरोपितों को भी अपने साथ मिला लिया। आरोपित साहिल ने सभी को दोस्ती का वास्ता दिया था कि जब उन्हें उसकी जरूरत पड़ेगी तो वह भी जान पर खेल जाएगा। दोस्ती में आकर ही सभी आरोपितों ने एकजुट होकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपित साहिल ने ही पिस्तौल का बंदोबस्त किया था।

तनिष्का की हालत बिगड़ी, शरीर पर आई सूजन

सांपला के ग्रामीणों ने सोमवार को पंचायत कर तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। जो रोजाना पीजीआइएमएस में जाकर तनिष्का की हालत के बारे में डाक्टरों से जानकारी लेगी। मंगलवार को भी कमेटी के सदस्य पीजीआइएमएस में पहुंचे। जिन्होंने गांव में पहुंचकर जानकारी दी कि तनिष्का की हालत पहले से भी अधिक बिगड़ गई है। उसके शरीर पर सूजन आ गई है।

यह था मामला

सांपला की रहने वाली तनिष्का की शादी भाली आनंदपुर गांव निवासी मोहन के साथ एक दिसंबर को हुई थी। विदाई के बाद रात के समय दुल्हन अपनी ससुराल जा रहा थी। गांव के बाहर पहुंचते ही कार सवार आरोपितों ने उनकी गाड़ी रूकवाकर दुल्हन तनिष्का को कई गोली मार दी थी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। तभी से उसका उपचार पीजीआइएमएस में चल रहा है।

रोहतक डीएसपी महेश कुमार के अनुसार

मुख्य आरोपित साहिल, अजय उर्फ आलु और तीसरे नाबालिग को साथ लेकर क्राइम सीन दोहराया गया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। जबकि बाकी दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी