भिवानी में नशा तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, गाड़ी चढ़ाने का किया प्रयास, एक बदमाश घायल

पुलिस ने अजय के अलावा गाड़ी के चालक लाडवा निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायल तस्कर को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने टैंपो ट्रैवल में छिपाया गया 320 किलो 152 गांजा बरामद कर दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 05:47 PM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 05:47 PM (IST)
भिवानी में नशा तस्करों ने पुलिस पर की फायरिंग, गाड़ी चढ़ाने का किया प्रयास, एक बदमाश घायल
आरोपितों ने प्राथमिक पूछताछ में मध्य प्रदेश से गांजा लाने की बात स्वीकारी है।

भिवानी, जेएनएन। मुंढाल के पुल पर नाका लगाकर चेकिंग कर रही पुलिस पर नशा तस्करों ने बुधवार देर रात फायरिंग कर दी। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने पुलिस टीम पर गाड़ी को चढ़ाने का प्रयास भी किया, लेकिन कर्मचारी बाल-बाल बच गए। तस्करों की तरफ से चलाई गई गोली भी जिप्सी में लगी। पुलिस की तरफ से हुई जवाबी फायरिंग में तस्कर खैरी निवासी अजय को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने अजय के अलावा गाड़ी के चालक लाडवा निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायल तस्कर को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने टैंपो ट्रैवल में छिपाया गया 320 किलो 152 गांजा बरामद कर दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने प्राथमिक पूछताछ में मध्य प्रदेश से गांजा लाने की बात स्वीकारी है।

पुलिस को काफी समय से जिले में नशे की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थी। साथ ही बड़े तस्करों को गिरफ्तार करने की योजना के तहत मुंढाल पुल पर बुधवार देर रात नाका लगाया गया था। पुलिस की तरफ से रोहतक की तरफ से एक गाड़ी आती दिखाई। गाड़ी को रूकने का इशारा किया लेकिन नाके के पास आते ही तस्करों ने पुलिस पर फायर कर दिया। फायरिंग होते ही पुलिस कर्मचारी हटे तो गोली सीधा जिप्सी में लगी। पुलिस ने उसी समय अपने साथियों को अलर्ट करने के साथ गाड़ी का पीछा किया और अपनी तरफ से फायरिंग की। गोली चालक के पीछे बैठे तस्कर खैरी निवासी अजय को लगी। गोली लगने पर चालक लाडवा निवासी प्रदीप ने गाड़ी राेक दी। गाड़ी रूकने ही तस्करों ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने प्राइवेट वाहन की मदद से घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस को अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो चालक की सीट के नीचे से पुलिस को अवैध पिस्तौल के अलावा एक जिंदा कारतूस और एक खोल बरामद हुआ है। पुलिस को गाड़ी में एक खोल और बरामद हुआ है। पुलिस ने हथियार को भी जब्त कर लिया है।

मेट और फट्टों के नीचे छिपाया था नशीला पदार्थ

पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़ने के बाद गाड़ी की तलाशी ली। गाड़ी के मेट और फट्टों के नीचे तस्करों ने गांजा छिपाया हुआ था। एक किलो से ज्यादा के माल का पैकेट बनाते हुए तस्करों ने 144 पैकेट बनाए थे। इन 144 पैकेट में 320 किलो 152 ग्राम गांजा छिपाया था। पुलिस की तरफ से सभी पैकेट को आराम से निकाल कर उनको तोला गया और जब्त किया गया। पुलिस ने गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस की तरफ से दो आरोपितों को पकड़ कर उनके पास से 320 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इसकी कीमत बाजार के हिसाब से करीब 40 लाख रुपये हैं।

- अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक, भिवानी

chat bot
आपका साथी