बहादुरगढ़ में बैंक की सीनियर मैनेजर का फंदे पर लटका मिला शव, बैंक मैनेजर पति पर सनसनीखेज आरोप

बहादुरगढ़ के ओमेक्स अपार्टमेंट का मामला। शिल्पी सोनम झारखंड के रांची में बैंक ऑफ बड़ौदा में सीनियर मैनेजर थी। पति सोनीपत के ग्रामीण बैंक में ब्रांच मैनेजर है। मृतका के भाई ने उसके पति के खिलाफ आरोप लगाए हैं।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 06:04 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 06:04 PM (IST)
बहादुरगढ़ में बैंक की सीनियर मैनेजर का फंदे पर लटका मिला शव, बैंक मैनेजर पति पर सनसनीखेज आरोप
मृतका का बेटा करीब पांच साल का है और बेटी की उम्र करीब 10 महीने ही है।

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बैंक आफ बड़ौदा में सीनियर मैनेजर शिल्पी सोनम की बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी अपार्टमेंट में फंदा लगने से मौत हो गई। उनके पति पर हत्या करने का आरोप है। आरोपित पति भी एक अन्य बैंक में मैनेजर है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

शनिवार को सिविल अस्पताल में बोर्ड से पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। मामले की जांच की जा रही है। मृतका शिल्पी सोनम फिलहाल झारखंड के रांची में अपर बाजार शाखा में पदस्थ थी। जबकि उनके आरोपित पति राकेश शर्मा सोनीपत में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में मैनेजर हैं और मूल रूप से रांची के हटिया के हेसाग मुहल्ला के रहने वाले हैं। पुलिस ने मृतका शिल्पी के भाई दीपक के बयान पर कार्रवाई की है।
सात साल पहले हुई थी शादी
शिल्पी सोनम मूल रूप से रांची की रहने वाली थी। उनकी शादी छह जून 2014 को राकेश शर्मा से हुई थी। उस समय वे बिहार के सीतामढ़ी के पुपरी में बैंक आफ बड़ौदा में थी। जबकि राकेश शर्मा सोनीपत में पदस्थ होने के कारण शिल्पी सोनम ने अपना तबादला सोनीपत जिले के गन्नौर स्थित शाखा में करवा लिया था। उनके दो बच्चे हैं। बेटा करीब पांच साल का है और बेटी की उम्र तो करीब 10 महीने ही है।
मायके पक्ष का आरोप, नशे का आदी है पति
मृतका शिल्पी सोनम के भाई दीपक ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उनकी बहन को पता चला कि राकेश शर्मा तो हर तरह के नशे का आदि है। इंजेक्शन से ड्रग्स भी लेता रहा है। जबकि उनकी बहन ने विरोध किया तो राकेश शर्मा ने उन्हें मानसिक व शारीरिक यातनाएं देकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। नशे की लत पूरी करने के लिए उनकी बहन से भी पैसे लेता रहा। कुछ दिनों बाद उनकी बहन को पता लगा कि उनके पति के गैर औरतों के साथ भी संबंध हैं। ये सब बातें उनकी बहन ने ससुराल वालों को भी बताई और मायके में भी। इस पर उन्होंने राकेश को समझाने की कोशिश की, मगर स्थिति बदतर होती गई। इसके बाद उनकी बहन का रांची में तबादला हो गया।
तीज मनाने बहादुरगढ़ आई थी शिल्पी
चार सितंबर को ही उनकी बहन बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी में अपने पति के पास तीज पर्व (9 सितंबर) मनाने के लिए दोनों बच्चों व राकेश की भतीजी रचना के साथ आई थी। मगर यहां पर उन्हें अपने पति के कमरे में गैर औरतों के कपड़े मिले। इस पर आपत्ति जताई तो राकेश ने उसके साथ मारपीट की। फोन भी छीन लिया। दीपक ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन के पास फोन किए, मगर संपर्क नहीं हुआ। बाद में राकेश के मोबाइल पर फोन किया। जब उनकी बहन से बात हुई तो वे डरी-सहमी हुई थी। वापस आने के बारे में पूछा तो उन्होंने 10 सितंबर को आने की बात कही थी। मगर इसी बीच उनकी बहन की हत्या कर दी गई।
मृतका के भाई के बयान पर केस दर्ज 
सेक्टर-6 थाना बहादुरगढ़ के एसएचओ नर सिंह ने कहा कि शहर के एक निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि शिल्पी सोनम को फांसी लगने के कारण मृत अवस्था में लाया गया है। इस पर टीम पहुंची। मृतका के भाई के बयान पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
 
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
chat bot
आपका साथी