रोहतक में नहर में मिला व्यक्ति का अर्धनग्न शव, नहीं हुई पहचान
रिठाल गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मकड़ौली हैड के पास एक व्यक्ति का शव पानी में बहता हुआ देखा। जिसके बाद उन्होंने सदर थाना पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला।
रोहतक, जेएनएन। रोहतक के रिठाल गांव के पास भालौठ ब्रांच में व्यक्ति का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। पता चलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ में भिजवा दिया गया।
शुक्रवार सुबह रिठाल गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मकड़ौली हैड के पास एक व्यक्ति का शव पानी में बहता हुआ देखा। जिसके बाद उन्होंने सदर थाना पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक की उम्र करीब 45 साल थी, जिसने सफेद-ग्रे रंग का बनियान पहना हुआ था। उसके दाहिने हाथ में लोहे का कड़ा और बाएं हाथ पर ओम उकेरा हुआ था।
शव को देखकर लग रहा था कि वह कई दिन पुराना है। पुलिस ने आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। प्राथमिक जांच में उसके शरीर पर चोट का कोई बड़ा निशान भी नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हो चुकी है। जिसका शव पीछे से पानी में बहकर यहां तक आया है।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में उसका फोटो भेजा गया है। साथ ही लापता लोगों का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही उसकी मौत की असल वजह का पता चल सकेगा। गौरतलब है कि नहर में कुछ दिन पहले भी एक व्यक्ति का शव आया था। जिसकी अभी तक भी कोई पहचान नहीं हो सकी।