फतेहाबाद में कोरोना वैक्सीन की किल्लत पर बिगड़े हालात, 240 डोज मिलीं, पहुंच गए 800 लोग

फतेहाबाद के गांव भिरडाना पीएचसी में 240 वैक्सीन की डोज मिली थी। 800 से अधिक लोग वैक्सीन लगवाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने रोष जताया। वैक्सीन की कम संख्या होने के कारण वहां पर तैनात स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी असहाय नजर आए।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Fri, 13 Aug 2021 03:49 PM (IST) Updated:Fri, 13 Aug 2021 03:49 PM (IST)
फतेहाबाद में कोरोना वैक्सीन की किल्लत पर बिगड़े हालात, 240 डोज मिलीं, पहुंच गए 800 लोग
फतेहाबाद में भिरडाना पीएचसी पर वैक्सीन की कमी पर रोष जताते ग्रामीण।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। कोरोना की तीसरी लहर आने की संभावना वैज्ञानिक पहले ही जता चुके हैं। ऐसे में लोग इस बीमारी से बचने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कोरोना रोधी वैक्सीन लगवा रहे हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बड़ी संख्या में वैक्सीन नहीं पहुंच रही है।

यही हाल शुक्रवार को गांव भिरडाना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देखने को मिला। इस केंद्र को महज 240 वैक्सीन की डोज मिली थी। लेकिन 800 से अधिक संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आ गए। जिससे ग्रामीणों ने रोष भी जताया। लेकिन वैक्सीन की कम संख्या होने के कारण वहां पर तैनात स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी असहाय नजर आए। लेकिन गांव के मौजिज लोगों ने ्ग्रामीणों को समझाया कि एक दो दिन में वैक्सीन आने के बाद सभी को टीका लग जाएगा। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और वापस चले गए।

दरअसल गांव भिरडाना में वैक्सीनेशन कैंप लगाने की सूचना मंदिरों व गुरुद्वारों से दी गई। यहीं कारण है कि एकाएक लोग पहुंच गए। स्वास्थ्य विभाग के पास सूचना थी कि शुक्रवार को अधिक संख्या में वैक्सीन पहुंचेगी। लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। एक बार तो भीड़ इतनी अधिक हो गई थी कि पुलिस को भी मौके पर बुलाने की नौबत आ गई थी, लेकिन ग्रामीण आने के कारण मामला शांत हुआ। 

जिले में 50 फीसद पात्रों को लगी वैक्सीन

जिले में वैक्सीनेशन का अभियान तेज है। यहीं कारण है कि जिले में स्वास्थ्य विभाग ने छह लाख के करीब पात्र लोगों को शामिल किया था। जिसमें फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ वर्कर व 18 साल से अधिक उम्र के लोग शामिल थे। ऐसे में जिले में 3 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि आने वाले समय में वैक्सीनेशन का अभियान तेज किया जाएगा। इसके अलावा जिले में अब 15 हजार के करीब वैक्सीन बची हुई है। जिले में 80105 लोगों ने वैक्सीन की दोनो डोज लगवा ली है। 

अब आंकड़ों में जानें, किसे कितनी लगी डोज

पात्र         पहली डोज  दूसरी डोज  कुल

हेल्थ वर्कर     4780      4712    9492

फ्रंटलाइन      2392       1738    4130

60 साल से अधिक 56990   24284  81274

45-59 साल तक  76316    32603   108919

18 साल से अधिक 162001   16768   168769

कुल             302479   80105  382584

डिमांड के अनुसार भेजी जाती है वैक्सीन

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सुनीता सोखी ने कहा कि जिले में वैक्सीन की कमी नहीं है। डिमांड के अनुसार ही वैक्सीन भेजी जाती है। जिले में तीन लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। वहीं 80 हजार लोगों ने दूसरी डोज लगवा ली है। लोगों से अपील है कि भीड़ ना इकट्ठी होने दे।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी