Corona Alert: सिरसा में 15 दिनों में 1.43 लाख घरों तक पहुंचेंगी डाक्टरों की टीमें, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
सिरसा में 11 लाख 88 हजार 73 लोगों को वैक्सीन डोज लग चुकी है। इनमें आठ लाख 21280 लोगों को पहली तथा तीन लाख 66893 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। 18 से 44 वर्ष तक के लाभार्थियों में चार लाख 77 हजार 499 ने पहली डोज लगी है।
सिरसा, जागरण संवाददाता। कोरोना के नए वैरियेंट की आहट के साथ ही एक बार फिर से संक्रमण फैलने का खौफ सताने लगा है। सरकार ने वैरियेंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। विभागीय अधिकारियों ने वैक्सीनेशन की धीमी गति को रफ्तार देने के निर्देश दिये हैं। सिरसा जिले में आने वाले 15 दिनों में एक लाख 43 हजार घरों तक पहुंचकर वैक्सीनेशन से वंचितों को डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के तहत एएनएम, आशा वर्कर की टीमें प्रत्येक घर तक पहुंचेगी और लोगों को वैक्सीनेशन लगवाने के लिए प्रेरित करेंगी।
कोरोना केस कम आए तो लोगों ने मोड़ा वैक्सीनेशन से मुंह
विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन चार महीनों में कोरोना संक्रमण के मामले कम हुए तो लोगों में भी कोरोना को लेकर तरह तरह की भ्रांतियां फैल गई। लोग वैक्सीन डोज लगवाने से भी बचने लगे। जिन लोगों ने पहली डोज लगवाई है वे भी बहानेबाजी करने लगे। अब ऐसे लोगों को वैक्सीनेशन के फायदे गिनवाए जाएंगे और उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिले में अभी तक 1.88 लाख लोगों को लग चुकी है वैक्सीन डोज
सिरसा जिले में 11 लाख 88 हजार 73 लोगों को वैक्सीन डोज लग चुकी है। इनमें आठ लाख 21280 लोगों को पहली तथा तीन लाख 66893 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। 18 से 44 वर्ष तक के लाभार्थियों में चार लाख 77 हजार 499 ने पहली तथा एक लाख 60122 ने दोनों डोज लगवा ली है। 45 से 60 आयु वर्ग में एक लाख 88639 ने पहली और 99966 ने दोनों डोज लगवा ली है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक लाख 41133 लोगों ने पहली जबकि 94486 ने दोनों डोज लगवा ली है।
सिरसा के सिविल सर्जन डा. मनीष बंसल के अनुसार
जिले में वैक्सीनेशन अभियान को गति दी जाएगी। हर घर दस्तक अभियान के तहत जिले के दो लाख 30 हजार घरों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचेगी। अभी तक 87 हजार घरों को कवर किया जा चुका है। आने वाले 15 दिनों में लक्ष्य रहेगा कि शेष घरों को कवर करके वंचितों को वैक्सीन डोज लगाई जाए। आमजन से भी अनुरोध है कि जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई है वे अवश्य लगवाएं।