क्रिकेट खेल रहे थे बच्‍चे, बॉल लगी तो बंदूक निकाल चला दी गोली, मचा हड़कंप

रोहतक में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के आरोपितों ने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Wed, 08 Apr 2020 03:14 PM (IST) Updated:Wed, 08 Apr 2020 03:14 PM (IST)
क्रिकेट खेल रहे थे बच्‍चे, बॉल लगी तो बंदूक निकाल चला दी गोली, मचा हड़कंप
क्रिकेट खेल रहे थे बच्‍चे, बॉल लगी तो बंदूक निकाल चला दी गोली, मचा हड़कंप

रोहतक, जेएनएन। छोटी सी बात को लेकर कौन कब क्‍या कर बैठे, कह पाना मुश्किल है। रोहतक में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां शीतल नगर कालोनी में बच्चों के क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के आरोपितों ने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

शिकायत के आधार पर शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं लॉकडाउन में भी क्रिकेट कैसे खेला जा रहा था यह भी बड़ा सवाल है। जबकि किसी को भी घर से बाहर निकलकर इकट्ठा होने या किसी प्रकार के मनोरंजन के लिए भीड़ एकत्रित करने की अनुमति नहीं है। पुलिस सभी लोगों से इस बारे में पूछताछ करेगी और जरूरत अनुसार कार्रवाई भी कर सकती है।

मंगलवार को शीतल नगर कालोनी में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान बॉल कालोनी में ही रहने वाले मोहित को लग गई। मोहित ने इसका विरोध किया तो कालोनी निवासी जगफूल ने अपने बेटे हसन के साथ मिलकर मोहित से मारपीट कर दी। इसके बाद मोहित ने अपने पड़ोसी सुमित के साथ मिलकर आरोपितों के साथ मारपीट की।

सुमित ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दहशत फैला दी। हालांकि फायरिंग के दौरान किसी भी व्यक्ति को गोली नहीं लगी। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा चारों आरोपितों के खिलाफ लॉकडाउन और धारा 144 का उल्लंघन करने के चलते एक और मुकदमा दर्ज किया है।

शिवाजी कालोनी थाना प्रभारी बलवंत ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही लॉकडाउन और धारा 144 का उल्लंघन करने पर भी एक मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया है।

chat bot
आपका साथी