हिसार में बिना मास्क के निकले तो कट सकता है चालान, आज से सघन चेकिंग शुरू
मास्क न पहनने पर 500 रुपये का चालान और अगर दोबारा कमी मिली तो चालान की राशि में इजाफा किया जाएगा। इसको लेकर शहर के मुख्य चौराहों पर विभिन्न टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। यह टीम मास्क ही नहीं बल्कि वाहनों की कमियां खोजते हुए चालान कर रही है।
हिसार, जेएनएन। कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए सोमवार से पुलिस सघन चेकिंग अभियान चलाने जा रही है। मास्क न पहनने पर 500 रुपये का चालान और अगर दोबारा कमी मिली तो चालान की राशि में इजाफा किया जाएगा। इसको लेकर शहर के मुख्य चौराहों पर विभिन्न टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। यह टीम मास्क ही नहीं बल्कि वाहनों की कमियां खोजते हुए चालान कर रही है। पुलिस अधिकारियों की मानें तो सोमवार से फिर से सख्ती की जाएगी।
शहर में अलग-अलग स्थानों पर संबंधित थानों की पुलिस और ट्रेफिक पुलिस मिलकर अभियान चलाएगी। ऐसे में अब बिना मास्क घर से बाहर न निकलें वरना 500 रुपये का चालान कट सकता है। इसके साथ ही लोगों को जागरुक करने का काम भी किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर के मुख्य बाजारों में भी लोगों को मास्क लगाने का पाठ पुलिस पढ़ाती नजर आएगी।
पिछले दो दिनों में 958 हो चुके हैं चालान
कोरोना का प्रसार काफी बढ़ गया है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 521 केस रविवार को मिले हैं। ऐसे में मास्क का प्रयोग और शारीरिक दूरी दोनों ही बहुत जरूरी हो गए हैं। पिछले दिनों से पुलिस ने भी मास्क के चालान काटने को लेकर अपने अभियान को गंभीरता से लिया। मगर रविवार को चालान काटने की गति कुछ धीमी दिखाई दी। शनिवार को जहां 719 चालान काटे गए थे वहीं रविवार को 239 चालान ही काटे जा सके। इसके दो बड़े कारण हैं, जिसमें एक तो रविवार को कम ही लोग घर से निकलते हैं वहीं दूसरा कारण था कि पुलिस पूरी तरह से पटेल नगर में आयोजित कार्यक्रम में जुटी हुई थी।
मास्क भी नहीं और बहस भी जबरदस्त
मास्क को लेकर सबसे बड़ी दिक्कत पुलिस कर्मियों के साथ यह भी आ रही है कि वह जब लोगों को मास्क के लिए टोकते हैं तो लोग बहस करने पर उतारू हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला शहर के राजगुरू मार्केट के पास नजर आया। जहां एक महिला को मास्क न लगाने पर चालान काटा जाने लगा तो महिला बहस करने लगी। पुलिस कर्मियों की गलतियां गिनाना शुरू कर दिया। ऐसे में पुलिस ने चालान करने के बाद महिला को मास्क का महत्व समझाया।