रोहतक में तीन माह पहले झगड़े की रंजिश में बस परिचालक को मारी थी तीन गोली

बस परिचालक को गोली मारने के मामले में दो नामजद आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। आरोपितों के साथ करीब तीन माह पहले झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने परिचालक को तीन गोली मार दी थी।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 11:32 AM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 11:32 AM (IST)
रोहतक में तीन माह पहले झगड़े की रंजिश में बस परिचालक को मारी थी तीन गोली
सोमवार देर शाम जींद बाईपास के पास बाइक सवारों ने दिया था वारदात को अंजाम

रोहतक, जेएनएन। रोहतक में जींद बाईपास चौक पर सोमवार देर शाम बस परिचालक को गोली मारने के मामले में दो नामजद आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। आरोपितों के साथ करीब तीन माह पहले झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने परिचालक को तीन गोली मार दी थी। जिसका पीजीआइएमएस में उपचार चल रहा है।

खिड़वाली गांव निवासी विक्की प्राइवेट बस पर परिचालक की नौकरी करता है। सोमवार देर शाम वह बस सर्विस के ऑफिस से जींद बाईपास चौक होता हुआ अपने गांव जा रहा था। जींद बाईपास चौक पर पहुंचने के बाद उसने अपने दोस्त प्रदीप को फोन किया कि आकर उसे ले जाए। वह प्रदीप का इंतजार कर रहा था, तभी खिड़वाली गांव निवासी संजीत और कटवाड़ा निवासी आशीष बाइक पर आए और विक्की पर पिस्तौल तान दी। आरोपितों से बचने के लिए विक्की ने वहां से भागने का भी प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने एक गोली उसके सिर, एक पेट और एक गोली दाएं पैर में मार दी। तीन गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

उसे मृत समझकर आरोपित वहां से फरार हो गए। घायल का तभी से पीजीआइएमएस में उपचार चल रहा है। घायल के बयान के आधार पर बहुअकबपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों के साथ विक्की की करीब तीन माह पहले लड़ाई हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपित मन ही मन में रंजिश रख रहे थे। इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया गया है।

------

दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल घायल का पीजीआइएमएस में उपचार चल रहा है।

- श्रीभगवान, थाना प्रभारी बहुअकबपुर

chat bot
आपका साथी