BJP Congress Protest: रोहतक में भाजपा ने किया पंजाब सीएम के विरोध में प्रदर्शन, फूंका पुतला

हरियाणा में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयान पर घमासान शुरू हो गया है। दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की संभावना को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 01:12 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 01:12 PM (IST)
BJP Congress Protest: रोहतक में भाजपा ने किया पंजाब सीएम के विरोध में प्रदर्शन, फूंका पुतला
रोहतक में कांग्रेस भवन के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने की जोरदार नारेबाजी।

जागरण संवाददाता, रोहतक : भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के किसान आंदोलन को लेकर दिए विवादित बयान के विरोध में शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जवाबी प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की संभावना को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के घेराव के लिए आगे बढ़ना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। मनीष ग्रोवर जमीन पर ही बैठ गए और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सोनिया-राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।

कार्यकर्ताओं ने दिया धरना

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं पर धरना दे दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर, रोहतक जिला प्रभारी अरविंद यादव, बहादुरगढ़ से पूर्व विधायक नरेश कौशिक, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, शमशेर खरकड़ा और सतीश नांदल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। करीब डेढ़ घंटे धरने पर बैठने के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए। मनीष ग्रोवर ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस देश को तोड़ना चाहती है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बयान भी पंजाब और हरियाणा को तोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की रणनीति को समझ चुकी है, इसलिए बहकावे में नहीं आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया है। भारत की अब अंतररराष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान है। मजबूत देश के रूप में भारत उभरा है।

कांग्रेसियों ने पहले की बैठक, बाद में फूंका पुतला

विधायक भारत भूषण बतरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए। खास बात यह है कि शनिवार को हुड्डा और सैलजा गुट एक साथ नजर आया। विधायक भारत भूषण बतरा के अलावा विधायक शकुंतला खटक, पूर्व राज्य गृहमंत्री सुभाष बतरा, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व विधायक अधिवक्ता संतकुमार मौजूद थे। विधायक बतरा ने कहा कि भाजपा प्रदर्शन के नाम पर ड्रामा कर रही है लेकिन हम भाजपा की ड्रामेबाजी को चलने नहीं

देंगे। देश और प्रदेश की भाजपा सरकार ने देश को कई दशक पीछे धकेलने का काम किया है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध में हरियाणा आगे बढ़ रहा है। इन नाकामियों को छुपाने के लिए भाजपा इस तरह के प्रदर्शन कर रही है। सत्ताधारी पार्टी को प्रदर्शन करने की नौबत आ गई है। प्रदर्शन को विपक्ष करता है, लेकिन भाजपा ने यह नई प्रथा शुरु कर दी है।

chat bot
आपका साथी