सिरसा के 21 साल के युवक अवतार सिंह ने 17853 फीट की ऊंचाई पर साइकिल चला बनाया अनोखा रिकॉर्ड

अवतार सिंह नामक BA के स्टूडेंट ने 17853 फीट की ऊंचाई पर साइकिल चलाकर खारदूंगला टॉप फतह किया है। अवतार ने 8 दिन में 400 किलोमीटर का सफर तय करके यह कारनामा करके यूरोपियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 04:48 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 04:48 PM (IST)
सिरसा के 21 साल के युवक अवतार सिंह ने 17853 फीट की ऊंचाई पर साइकिल चला बनाया अनोखा रिकॉर्ड
पहाड़ी रास्ते से गुजरते हुए सिरसा के अवतार सिंह

जागरण संवाददाता, हिसार। सिरसा के 21 वर्षीय युवक ने एक अनोखा रिकॉर्ड कायम किया है। अवतार सिंह नामक BA के स्टूडेंट ने 17853 फीट की ऊंचाई पर साइकिल चलाकर खारदूंगला टॉप फतह किया है। अवतार ने 8 दिन में 400 किलोमीटर का सफर तय करके यह कारनामा करके यूरोपियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। अवतार हरियाणा के सिरसा जिले के गांव पन्नीवाला निवासी हैं।

अवतार बताते हैं कि वे शौक के लिए साइकिल चलाते हैं। लेकिन लेह लद्दाख घूमने गए तो उन्हें वहां साइकिल चलाने का मन किया। फिर उनके दिल में ख्याल आया कि क्यों न कुछ अलग किया जाए। बस इसी खुराफात में पहाड़ी व बर्फीले रास्ते पर 8 दिन तक साइकिल चलाकर रोहतांग पास से गुजरते हुए 400 किलोमीटर लंबा सफर पूरा किया है तय किया और खारदूंगला टॉप फतेह कर लिया।

अगला लक्ष्य सियाचिन ग्लेशियर

अवतार सिंह ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य सियाचिन ग्लेशियर तक साइकिल चलाकर नया वर्ल्ड रिकार्ड कायम करना है। वैसे रोहतांग पास से गुजरते हुए खारदूंगला टॉप तक साइकिल से पहुंचने वाला मैं पहला यात्री हूं। यूरोपियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने प्रमाण पत्र भी जारी किया है। वहीं सफर के दौरान ज्यादा ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी होने की समस्या आती है। कई यात्री तो रास्ते से ही लौट गए थे।

अवतार ने बताया कि 14 हजार फीट की ऊंचाई पर जाने के बाद बर्फबारी व खराब रास्ते के कारण उसका आगे बढ़ पाना मुश्किल होता गया, लेकिन वह आगे बढ़ता रहा। एक बार तो वह साइकिल समेत नीचे भी गिर गया, जिसके कारण उसको चोट भी आई। लेकिन ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए वह कपूर को जलाकर सांस लेता था, ताकि थोड़ी राहत मिल सके।

UPSC की तैयारी कर रहे हैं अवतार सिंह

सिरसा की चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहे अवतार सिंह UPSC की तैयारी भी कर रहे हैं। उनके पिताजी बलराज सिंह गांव पन्नीवाला मोटा में ही खेतीबाड़ी करते हैं। उसे साइकिलिंग में आगे बढ़ने का सुझाव रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल पी के रेड्‌डी ने दिया था। देहरादून में UPSC की तैयारी के दौरान उनसे मुलाकात हुई थी।

chat bot
आपका साथी