सिरसा में डॉ. अशोक तंवर बोले- कांग्रेस पार्टी को खत्म करने वाले अभी भी कांग्रेस में ही बैठे हैं

डा. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को खत्म करने वाले कांग्रेस में ही बैठे हैं जो बीजेपी की शह पर ऐसा कार्य कर रहे हैं। देश में विपक्ष की पार्टी खत्म हो चुकी है इसीलिए जनता की आवाज उठाने के लिए अपना भारत मोर्चा का गठन किया है।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 03:26 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 03:26 PM (IST)
सिरसा में डॉ. अशोक तंवर बोले- कांग्रेस पार्टी को खत्म करने वाले अभी भी कांग्रेस में ही बैठे हैं
अपना भारत पार्टी के संस्थापक डा. अशोक तंवर पत्रकारों से रूबरू होते हुए

सिरसा, जेएनएन। अपना भारत पार्टी के संस्थापक डा. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को खत्म करने वाले कांग्रेस में ही बैठे हैं, जो बीजेपी की शह पर ही ऐसा कार्य कर रहे हैं। देश में विपक्ष की पार्टी खत्म हो चुकी है, इसीलिए जनता की आवाज उठाने के लिए अपना भारत मोर्चा का गठन किया गया है। डा. अशोक तंवर सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी हमेशा से ही प्राथमिकता रही है कि जनता का भला हो। देश के किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। हम किसानों के साथ हैं। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक टीका लगाया है जहां पर चुनाव होने हैं उसी वेशभूषा में आकर टीका लगाया गया है। आसाम का गमछा पहना है। केरल की नर्स को बुलवाकर टीका लगाया गया है। हर चीज में राजनीति भी ठीक नहीं होती है, मन की बात में कोई काम की बात नहीं होती है।

अशोक तंवर ने कहा कि अपना भारत मोर्चा का देशभर में विस्तार किया जाएगा, इसके लिए चिंतन मंथन करेंगे। पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में जाएंगे हमारी हर देश में हर कोने में साथी हैं, राजनीति में लंबा अनुभव है। ऐलनाबाद व कालका उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल में कहा कि यह हमारे प्रदेश के उपचुनाव में सभी से बातचीत करेंगे। जो भी फैसला होगा वह लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल ने सब की दुकानें बंद कर दी, हरियाणा में सब की दुकानें मैं बंद करूंगा। डा. तंवर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुड्डा अब गुलाबी पगड़ी की बजाय दूसरे रंग की पगड़ी पहनने लगे हैं। उनके परत दर परत राज वक्त आने पर खोलूंगा।

अशोक तंवर ने कहा कि मार्च के दूसरे सप्ताह में सिरसा में मोर्चा का भव्य कार्यक्रम होगा और तभी कार्यालय की स्थापना भी की जाएगी। आज विपक्ष मृतप्राय: अवस्था में है और सरकार हठधर्मी पर उतारू है। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर, फल-सब्जियों और रसोई की चीजों के दामों को लेकर जनता में त्राहिमाम का माहौल है। डा. तंवर ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा के शासनकाल में किसानों के लिए तीन काले कानून लागू किए गए जिसके खिलाफ उन्हें लगातार तीन महीने से धरने पर बैठना पड़ रहा है। अपना भारत मोर्चा किसानों की मांगों का समर्थन करता है और मोर्चे के एजेंडे में किसान हित सर्वोपरि हैं।

इस अवसर पर उनके साथ नगर पालिका कालांवाली के पूर्व चेयरमैन जगसीर सिंह गिल, अशोक तंवर की धर्मपत्नी अवंतिका माकन तंवर, आदिकर्ता तंवर, गुरप्रीत सिंह संधू, पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी, गोपाल कंबोज, सुभाष मेहरा, परमवीर सिंह, दया रानी, पवन उडानिया, संजय गोदारा, प्रवीन भिरडाना, सुरेंद्र खिच्ची, वरुण छाबड़ा, राजू बजाज, जरनैल सिंह कालांवाली मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी