हरियाणा के 135 माडल संस्कृति स्कूलों में बनेंगे कला एवं संस्कृति क्लब, निखारेंगे विद्यार्थियों की प्रतिभा

माडल संस्कृति स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों की छुपी हुई प्रतिभा को भी निखारा जाएगा। इसके लिए माडल संस्कृति स्कूलों में कला एवं संस्कृति क्लब (आर्ट एंड कल्चर क्लब) बनाए जा रहे हैं। जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में कारगर सिद्ध होंगे।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 09:49 AM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 09:49 AM (IST)
हरियाणा के 135 माडल संस्कृति स्कूलों में बनेंगे कला एवं संस्कृति क्लब, निखारेंगे विद्यार्थियों की प्रतिभा
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बढ़ाए जा रहे कदम, शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में भी विद्यार्थी लेंगे भाग

जागरण संवाददाता,झज्जर : अब प्रदेश के माडल संस्कृति स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों की छुपी हुई प्रतिभा को भी निखारा जाएगा। इसके लिए माडल संस्कृति स्कूलों में कला एवं संस्कृति क्लब (आर्ट एंड कल्चर क्लब) बनाए जा रहे हैं। जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में कारगर सिद्ध होंगे। इसके लिए प्रदेश के 135 माडल संस्कृति स्कूलों का चयन किया गया है। इन सभी 135 माडल संस्कृति स्कूलों में कला एवं संस्कृति क्लब बनाने के लिए एक करोड़ 75 लाख 50 हजार रुपये की राशि (प्रति स्कूल एक लाख 30 हजार के हिसाब से) दी जाएगी। प्रदेश की बात करें तो कुल 137 माडल संस्कृति स्कूल हैं। जिनमें से राजकीय माडल संस्कृति स्कूल पाटोदा (झज्जर) राजकीय माडल संस्कृति स्कूल बराड़ा (सोनीपत) को छोड़ा गया है।

प्रदेशभर में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए माडल संस्कृति स्कूल बनाए जा रहे हैं। जिन्हें सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) से मान्यता मिल चुकी है। सीबीएसइ की शर्तों व शिक्षा नीति 2020 के अनुसार भारतीय कलाओं, भाषाओं एवं संस्कृति को बचाए रखने के लिए प्रदेशभर के माडल संस्कृति स्कूलों में कला एवं संस्कृति क्लब (आर्ट एंड कल्चर क्लब) स्थापित किए जाएंगे। जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी की रूचि, दक्षता, क्षमता के आधार पर भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। क्लब इंचार्ज समय-समय पर विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करके प्रतियोगिता करवाएंगे। विद्यालय स्तर पर टीमों को तैयार करके राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करेगा। विद्यालय में संचालित सभी क्लबों के प्रभारियों के नाम के साथ बोर्ड पर डिस्पले किए जाएंगे।

प्रत्येक स्कूल को दिए जाएंगे 1.30 लाख रुपये

प्रत्येक माडल संस्कृति स्कूल में आर्ट एंड कल्चर क्लब बनाने के लिए सरकार द्वारा एक लाख 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। इनमें से 30 हजार रुपये वेषभूषा खरीदने के लिए, 60 हजार रुपये वाद्य यंत्र खरीदने के लिए व 40 हजार रुपये कला सामग्री खरीदने के लिए दिए जाएंगे। सामान की खरीददारी के लिए स्कूल मुखिया की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा। जिसमें विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, क्लब इंचार्ज, कला विद्या से संबंधित पीजीटी या टीजीटी को शामिल किया जाएगा।

जिला राजकीय माडल संस्कृति स्कूलों की संख्या

अंबाला 7

भिवानी 7

चरखी दादरी 3

फरीदाबाद 5

फतेहाबाद 6

गुरुग्राम 4

हिसार 12

झज्जर 6

जींद 7

कैथल 6

करनाल 8

कुरुक्षेत्र 5

महेंद्रगढ़ 5

नूंह मेवात 5

पलवल 5

पंचकूल 6

पानीपत 6

रेवाड़ी 5

रोहतक 6

सिरसा 7

सोनीपत 6

यमुनानगर 8

कुल 135

-विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा पत्र जारी किया गया है। जिसमें प्रदेश के 135 माडल संस्कृति स्कूलों में कला एवं संस्कृति क्लब बनाए जाएंगे। इनमें जिले के छह स्कूल शामिल हैं। इससे विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारा जाएगा।

डा. सुदर्शन पूनिया, जिला सक्षम नोडल अधिकारी, झज्जर।

chat bot
आपका साथी