सभी धर्म देते हैं आपसी भाईचारा व संप्रदाय का संदेश : साध्वीश्री

अणुव्रत समिति की ओर से सांप्रदायिक सौहार्द दिवस आयोजित

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 11:13 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 11:13 PM (IST)
सभी धर्म देते हैं आपसी भाईचारा व संप्रदाय का संदेश : साध्वीश्री
सभी धर्म देते हैं आपसी भाईचारा व संप्रदाय का संदेश : साध्वीश्री

-अणुव्रत समिति की ओर से सांप्रदायिक सौहार्द दिवस आयोजित

जागरण संवाददाता, हिसार : अणुव्रत समिति की ओर से जारी अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत तेरापंथ भवन, मांडल टाउन, हिसार में रविवार को सांप्रदायिक सौहार्द दिवस मनाया गया। अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य महाश्रमण की सुशिष्या शासन श्री साध्वी यशोधरा के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल के सदस्यों ने अणुव्रत गीतिका व नवकार मंत्र के साथ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साध्वीश्री यशोधरा जी ने लोगों से प्यार भावना के साथ सभी धर्मों का समान आदर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अणुव्रत सभी धर्मों का समान मानता है। आचार्य तुलसी जी ने भी कहा है कि धर्म मानव को मानव बनाता है। उन्होंने कहा था कि सभी धर्मों में इंसानियत को प्राथमिकता दी गई है। धर्म तोड़ता नहीं, बल्कि जोडना सिखाता है। सभी धर्मों का मूल एक ही है, जो शांति व सद्भावना का संदेश देता है। साध्वीश्री वृंद ने सर्वधर्म सम्मेलन के उपलक्ष्य में गीतिका प्रस्तुत करते हुए सभी धर्मों का पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पहुंचे मुस्लिम समाज से जहीर अब्बास ने कहा कि अल्लाह एक है और हम सभी धर्मों को समान ²ष्टि से देखना चाहिए। सर्व ईसाई महासभा से पधारे मिस्टर डेविड विक्टर ने ईसाईयों के पवित्र ग्रंथ बाइबल से धर्म को लेकर ली गई पंक्तियों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि धर्म सभी इंसानों को एक सूत्र में जोड़ते हैं। सिख धर्म से आए सरदार भाई मोहन सिंह ने बच्चों को सिख समुदाय से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए और बच्चों को मन लगाकर पढऩे व गुरुओं का सम्मान करने का संदेश दिया। अणुव्रत समिति के अध्यक्ष कुन्दन लाल गोयल ने भी सर्वधर्म सम्मेलन की महता पर अपने विचार रखे और सभी को भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। अणुव्रत समिति के सचिव राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि धर्म चाहे कोई भी हो, धर्म केवल भाईचारा बढ़ाने का संदेश देता है। विश्नोई समाज से डा. सुरेन्द्र विश्नोई ने कहा कि धर्म हमें पर्यावरण व जीवों की रक्षा करने का संदेश देता है। इस मौके पर अणुव्रत समिति व जैन समाज के सदस्य व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी