पति-पत्नी के बीच हुए एक और झगड़े में पहुंची पुलिस टीम पर सिरसा में फिर हमला, चले लाठी डंडे

एक महिला ने महिला हेल्पलाइन पर काल कर पुलिस की सहायता मांगी जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला व उसके स्वजनों ने पुलिस टीम में शामिल एएसआइ के साथ मारपीट की और गाली गलौच करने लगे। इससे पहले रविवार को भी एक अलग मामले में ऐसा हुआ था

By Manoj KumarEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 01:41 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 01:41 PM (IST)
पति-पत्नी के बीच हुए एक और झगड़े में पहुंची पुलिस टीम पर सिरसा में फिर हमला, चले लाठी डंडे
सिरसा में पति-पत्‍नी के बीच हुए विवाद में पहुंची पुलिस पर लगातार दो दिन हमला हो गया

जागरण संवाददाता, सिरसा : पति-पत्‍नी के बीच हुए विवाद में पहुंची पुलिस पर लगातार दो दिन हमला हो गया। सोमवार रात को बेगू रोड की ग्रेवाल बस्ती निवासी एक महिला ने महिला हेल्पलाइन पर काल कर पुलिस की सहायता मांगी, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला व उसके स्वजनों ने पुलिस टीम में शामिल एएसआइ के साथ मारपीट की और गाली गलौच करने लगे। महिला के परिजनों ने पुलिस कर्मी की मोटरसाइकिल भी गिरा दी। बाद में पुलिस कर्मी ने शहर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया जिसके बाद महिला व उसके परिजन मकान के अंदर घुस गए।

इस मामले में पीड़ित एएसआई कृष्ण कुमार की शिकायत पर ग्रेवाल बस्ती निवासी महिला सुनीता, उसके पति प्रिंस, ससुर व अन्यों के खिलाफ मारपीट करने व सरकारी कार्याें में बाधा डालने का मामला दर्ज किया। यहां वर्णनीय है कि रविवार को हिसार रोड पर गली बजाज स्वीट्स वाली में भी पति पत्नी के बीच झगड़े की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला हुआ था।

पुलिस को दी शिकायत में एएसआइ कृष्ण कुमार ने बताया कि सोमवार रात को ग्रेवाल बस्ती की गली नंबर चार निवासी महिला सुनीता ने महिला हेल्पलाइन पर काल कर कहा कि उसका पति प्रिंस उसके साथ मारपीट कर रहा है। जिसके बाद सूचना मिलने पर उसने महिला से संपर्क किया। महिला ने उसे बताया कि उसका पति दो तीन घंटे से उसके साथ झगड़ा कर रहा है, आपको आना पड़ेगा। इसके बाद वह और एसपीओ दारा सिंह मौके पर पहुंचे। जहां पहुंचकर उन्होंने महिला व उसके पति को समझाने का प्रयास किया परंतु वे नहीं माने। जिसके बाद उसने सुनीता को अपनी शिकायत लिख कर देने को कहा। एएसआइ ने बताया कि महिला सुनीता के पति प्रिंस ने कहा कि ये उनका घरेलू झगड़ा है। आप किस लिये आए हो।

जिस पर एएसआइ ने उसे कहा कि तुम्हारी पत्नी ने महिला हेल्प लाइन पर शिकायत दी है। जिस सूचना पर आपकी सहायता के लिए आये है। इस बात पर प्रिंस ने तैश में आकर उसके साथ बदतमीजी की व हाथापाई करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतनी ही देर में प्रिंस के पिता तेजपाल व दादा विद्याधर ने कहा कि कहा कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हो गई हमारे घर आने की। प्रिंस ने उसके मुंह पर मुक्का मारा जबकि तेजपाल व विद्याधर ने उसके हाथ पकड़ लिये। इस दौरान मकान की छत पर खड़े उनके परिवार के ही एक सदस्य ने मोबाइल से वीडियो भी बनाई। उसने ऊंची आवाज में ललकारा मारते हुए कहा कि मारो, पकड़ लो, जाने मत दो। उसी समय प्रिंस की पत्नी सुनीता ने भी उनके साथ मिलकर एएसआइ से मारपीट की। सुनीता ने उसके सरकारी मोटरसाइकिल को भी लात मार कर गिरा दिया।

उसी समय उसके साथ आये कर्मचारी एसपीओ दारा सिंह ने थाना शहर सिरसा में सूचना दी। जिसके कुछ समय पर उपनिरीक्षक रामचंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आते देखकर सभी आरोपित मकान में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। एसआइ रामचंद्र ने सारे हालात समझकर प्रिंस को आवाज लगाई तो प्रिंस के पिता व दादा ने कहा कि प्रिंस घर से बाहर चला गया। सुनीता को पुकारा तो उसने कहा कि आप कौन हो, जिस पर उपनिरीक्षक ने बताया कि वह सिरसा शहर थाना से आया है। जिस पर सुनीता ने कहा कि आपको किसने बुलाया है आप वापस चले जाओ। हमे आपकी कोई जरूरत नहीं है।

एएसआइ कृष्ण कुमार के बयान पर पुलिस ने प्रिंस, उसकी पत्नी सुनीता, पिता तेजपाल, दादा विद्याधर व छत पर खड़े होकर ललकारा मारने वाले अज्ञात युवक के खिलाफ बदतमीजी, हाथापाई, मारपीट व सरकारी मोटर साइकल को लात मारकर नीचे गिराना व सरकारी ड्यूटी में बाधा डालना इत्यादि आरोपों में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी