बारिश के बाद जागा प्रशासन, फतेहाबाद में एक ही दिन में 6 लाख क्विंटल गेहूं का हुआ उठान

फतेहाबाद में मौसम ने किसानो और आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है। फतेहाबाद में 30 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। शुक्रवार तक मात्र 4 लाख क्विंटल का उठान हुआ था। शनिवार को लिफ्टिंग पर जोर दिया गया।कुल 10 लाख क्विंटल का उठान हो चुका है।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 04:24 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 04:24 PM (IST)
बारिश के बाद जागा प्रशासन, फतेहाबाद में एक ही दिन में 6 लाख क्विंटल गेहूं का हुआ उठान
फतेहाबाद में सरकार के आदेश पर गेहूं की आवक न करवाकर सिर्फ उठान किया गया।

फतेहाबाद, जेएनएन। पिछले कुछ दिनों से मौसम बदल रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए अनाज मंडियों में गेहूं के उठान में तेजी लाने के लिए सरकार ने निर्देश दिए हैं। इसका असर फतेहाबाद जिले की सभी अनाज मंडियों में देखने को मिला। मंडी में शनिवार सुबह से गेहूं का उठान कार्य शुरू हो गया।

शुक्रवार तक मंडियों से महज 4 लाख क्विंटल गेहूं का उठान हुआ था। जो शनिवार दोपहर तक 10 लाख क्विंटल का उठान हो गया। हालांकि अभी भी 20 लाख क्विंटल का उठान खरीद एजेंसियों को करवाना है। इसकी वजह है कि 30 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हो गई। जबकि उठान कार्य धीमा होने की वजह से परेशानी आ रही थी। जिले में अब तक 30 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। इनमें से 10 लाख क्विंटल गेहूं का शनिवार दोपहर तक उठान हो गया है। वहीं 20 लाख क्विंटल गेहूं का उठान रविवार देर शाम तक करने का निर्देश प्रशासन ने खाद्य आपूर्ति विभाग को दिया है।

रतिया में सबसे ज्यादा आवक

फतेहाबाद जिले की अनाज मंडियों में सबसे अधिक रतिया क्षेत्र में गेहूं की आवक हुई है। रतिया में अब तक 8 लाख क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हुई है। जिसमें से 2 लाख क्विंटल का उठान हुआ है। वहीं फतेहाबाद अनाज मंडी में 5 लाख 25 हजार क्विंटल खरीद में से ढाई लाख क्विंटल का उठान हो गया। इसी तरह टोहाना अनाज मंडी से 6 लाख में से तीन लाख क्विंटल का उठान हुआ है। भूना व धारसूल अनाज मंडियों में भी गेहूं का उठान शनिवार को शुरू करवा दिया। अधिकारियों का दावा है कि ठेकेदार नियमित तौर पर उठान नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आगामी सप्ताह तक अधिकांश खरीद का कार्य पूरा

जिले में गत वर्ष 80 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। इस बार यह खरीद 30 लाख क्विंटल हो गई है। मार्केट कमेटी के अधिकारियों का कहना है कि जिले के 50 से अधिक खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद चल रही है। आगामी सप्ताह में 40 से 50 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हो जाएगी। वैसे भी गेहूं का सीजन 15 से 20 दिनों का होता है।

उठान कार्य चल रहा तेजी से : सचिव

मार्केट कमेटी फतेहाबाद के सचिव संजीव सचदेवा ने बताया कि फतेहाबाद अनाज मंडी व उसके संबंधित सभी खरीद केंद्रों पर गेहूं का उठान कार्य तेजी से चल रहा है। किसानों व व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। रविवार शाम तक शत फीसदी उठान कार्य करवा लिया जाएगा। सोमवार को मंडी में नए सिरे से गेहूं की खरीद होगी।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी