दैनिक जागरण सखी क्लब की खेलकूद प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

महिलाओं के लिए नींबू दौड़ टायर दौड़ 100 मीटर दौड़ रंगोली दौड़ जैसे कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 07:21 PM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 07:21 PM (IST)
दैनिक जागरण सखी क्लब की खेलकूद प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा
दैनिक जागरण सखी क्लब की खेलकूद प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

संवाद सहयोगी, बादशाहपुर: दैनिक जागरण सखी क्लब और लेबरनम स्कूल भोंडसी के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता स्कूल परिसर में हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेक्टर-56 के कृति अस्पताल की निदेशक तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष डा. स्वाति सिंह राठौड़, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पलड़ा की चिकित्सा अधिकारी डा. नूतन यादव, भाजपा के जिला मीडिया सह प्रभारी जयवीर यादव तथा भोंडसी मंडल प्रभारी एमआर लोरइया ने दीप प्रज्वलित कर किया। कृति अस्पताल की टीम ने महिलाओं का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डा. स्वाति सिंह राठौड़ ने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। घर की जिम्मेदारी के साथ-साथ अब महिलाएं सामाजिक दायित्व निभाने के लिए भी आगे आ रही हैं। पहले समाज में महिलाओं को आगे आने पर पाबंदी रहती थी। अब महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। दैनिक जागरण की महिला सशक्तीकरण के लिए यह एक बेहतरीन पहल है। डा. स्वाति राठौर ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डा. नूतन यादव ने कहा कि दैनिक जागरण सखी क्लब महिलाओं के लिए जिस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, उन कार्यक्रमों से महिलाओं में जागरूकता आ रही है। उन्होंने सभी महिलाओं का आह्वान किया कि कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए सभी पीएचसी में बिना लाइन में लगे वैक्सीनेशन उपलब्ध है। जिन्होंने कोरोना की दूसरी डोज नहीं ली है, वह दूसरी डोज अवश्य लगवा लें। लेबरनम स्कूल के प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र सिंह राघव ने स्वागत भाषण में कहा कि दैनिक जागरण ने महिला सशक्तीकरण के लिए महिलाओं की खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर एक बेहतर पहल की है।

पुलिस उपायुक्त आस्था मोदी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ मुख्य अतिथि के रुप में आमंत्रित थीं। गार्गी कक्कड़ अस्वस्थ होने के कारण कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाई। उन्होंने अपने प्रतिनिधि के रूप में जयवीर यादव को भेजा। पुलिस उपायुक्त आस्था मोदी ने अपने प्रतिनिधि के रूप में भोंडसी थाना के अतिरिक्त प्रभारी महेश को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भेजा।

दैनिक जागरण सखी क्लब की महिलाओं के लिए नींबू दौड़, टायर दौड़, 100 मीटर दौड़, रंगोली दौड़ जैसे कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए लेबरनम स्कूल के कोच मनोज शर्मा तथा शारीरिक शिक्षक टीना राघव की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में मंच संचालन लेबरनम स्कूल की कोआर्डिनेटर कल्पना राघव तथा अर्चना तिवारी ने किया। स्कूल की सभी शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए विशेष रूप से सहयोग किया।

भोंडसी मंडल के अध्यक्ष रामकिशन राघव, डा. श्याम सिंह राघव, महिला मोर्चा की भोंडसी मंडल अध्यक्ष पिकी तोमर, रितु गंगल, महामंत्री सुचित्रा सिंह, उपाध्यक्ष मोना ठाकुर, बीनू चाहर, रेखा शर्मा अंजली चौधरी, प्रियंका, मेनका, हिमानी, रीना, अंजलि सैनी, बेबी, अनीता, मंजूश्री, रजनी कौशिक, ममता झा, मनीषा, आशा, मंजू भाटिया, पूजा, रोहिणी शुक्ला, रीता पंवार, अस्मिता, रश्मि पाठक, शांति, कामिनी झा, आंचल झा, नमिता ओझा, रजनी यादव, सोनिका जांगड़ा, रिपी सैनी आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

chat bot
आपका साथी