देवोत्थानी एकादशी पर शहर में रही शादियों की धूम

देवोत्थानी एकादशी के अबूझ मुहूर्त पर शहर में शादियों की धूम रही। पुलिस के कड़े पहरे के बाद भी शादी समारोह में कोविड-19 नियमों के पालन का मिला-जुला असर दिखा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 08:07 PM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 08:08 PM (IST)
देवोत्थानी एकादशी पर शहर में रही शादियों की धूम
देवोत्थानी एकादशी पर शहर में रही शादियों की धूम

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: देवोत्थानी एकादशी के अबूझ मुहूर्त पर शहर में शादियों की धूम रही। पुलिस के कड़े पहरे के बाद भी शादी समारोह में कोविड-19 नियमों के पालन का मिला-जुला असर दिखा। कई आयोजक तो नियमों के प्रति बेहद गंभीर दिखे। कई जगह नियमों की अवहेलना भी होती रही। देवोत्थानी एकादशी के शुभ मुहूर्त पर जहां वर-वधू परिणय सूत्र में बंधे, वहीं महिलाओं ने अपने घरों में तुलसी विवाह का आयोजन भी धूमधाम से किया। कई स्थानों पर तुलसी विवाह के साथ खाटू श्याम का जन्मोत्सव मनाया गया।

कोविड-19 संक्रमण के चलते मई-अप्रैल माह में होने वाली अधिकतर शादियों को लोगों ने टाल दिया था। इस अबूझ मुहूर्त में समय शादी टालने वाले लोगों ने शादियां तय कर ली थीं। करीब एक महीने से कोरोना संक्रमण के फिर से बढ़ने के कारण लोगों को इस समय भी शादी समारोह में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब खुले में 100 मेहमानों की छूट

आज के मुहूर्त के लिए तय की गई शादियों में शामिल होने के लिए पहले दो सौ लोगों की संख्या तय थी। अचानक सरकार ने 24 नवंबर को 200 लोगों की संख्या को घटाकर 50 कर दिया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। देवोत्थानी एकादशी के शुभ मुहूर्त पर शहर में करीब चार सौ से अधिक शादियों का आयोजन किया गया। शहर के सभी बैंक्वेट हाल व मैरिज लान बुक रहे। अब 26 नवंबर से मैरिज लान यानी खुले में 100 लोगों के शामिल होने की छूट दे दी गई है। इनडोर हाल में अभी भी 50 की ही अनुमति है। पुलिस का रहा कड़ा पहरा

कोविड-19 के नियमों के पालन के लिए पुलिस का सभी बैंक्वेट हाल और मैरिज लान में कड़ा पहरा दिखा। अपने-अपने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले बैंक्वेट हाल में पुलिस की टीम घूमती नजर आई। पुलिस ने मास्क ना पहनने वाले लोगों के चालान भी किए। पुलिस आयुक्त केके राव ने पहले ही पुलिस को कोविड-19 नियमों के पालन के लिए कड़े निर्देश दे रखे हैं। इन्हीं निर्देशों के साथ पुलिस की सख्ती नजर आई। सभी जगह पर पुलिसकर्मी नजर आए।

ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भी ट्रैफिक पुलिस कर्मी सड़कों पर व चौक चौराहे पर जगह-जगह खड़े दिखाई दिए। शीतला माता रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था की बेहतर व्यवस्था की गई। डीसीपी ट्रैफिक डीके भारद्वाज ने सभी पुलिस कर्मियों को 25 नवंबर के लिए पहले ही आगाह कर दिया था। जगह-जगह महिलाओं ने किया तुलसी विवाह

देवोत्थानी एकादशी पर महिलाओं ने अपने घरों में तुलसी जी का शालिग्राम से विवाह कराया। इस अवसर पर महिलाओं ने तुलसी जी को आकर्षक वस्त्र धारण करा दुल्हन के रूप में सजाया। सेक्टर-31 में रितु गोयल व कमल गोयल ने अपने घर पर तुलसी जी का विवाह धूमधाम से किया। सेक्टर-31 में नीना गुप्ता ने भी अपने घर में तुलसी जी का विवाह कार्यक्रम संपन्न किया। वाटिका कुंज में निकाली शालिग्राम की बारात

वाटिका कुंज कालोनी में महिलाओं ने तुलसी जी का शालिग्राम के साथ हर्षोल्लास के साथ विवाह का आयोजन किया। महिलाओं ने शालिग्राम की बारात भी निकाली। वाटिका कुंज के लक्ष्मी नारायण साईं मठ में विवाह कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में पिकी तोमर, पूनम मिश्रा, सोनू सिंह, साधना सिंह के अलावा कालोनी की सभी महिलाएं मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी