चोरी करने वाले दो गिरोह का भंडाफोड़

शहर व आसपास के इलाकों में बाइक स्कूटी एवं आटो चोरी की वारदात करने वाले दो गिरोहों का क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने भंडाफोड़ किया है। अलग-अलग इलाकों से दोनों गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 09:06 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 09:06 PM (IST)
चोरी करने वाले दो गिरोह का भंडाफोड़
चोरी करने वाले दो गिरोह का भंडाफोड़

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: शहर व आसपास के इलाकों में बाइक, स्कूटी एवं आटो चोरी की वारदात करने वाले दो गिरोहों का क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने भंडाफोड़ किया है। अलग-अलग इलाकों से दोनों गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 12 बाइक, छह स्कूटी, एक आटो रिक्शा की बरामदगी की गई। सभी शहर व आसपास चोरी की वारदात करके उत्तर प्रदेश के इलाकों में ले जाकर बेचते थे। लंबे समय से क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।

कुछ महीनों से शहर व आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की वारदात काफी बढ़ गई है। इसे देखते हुए पुलिस आयुक्त केके राव ने क्राइम ब्रांच की सभी टीमों को निर्देश दिया है कि गिरोहों का पता लगाएं ताकि पूरे गिरोह को खत्म किया जा सके। निर्देशानुसार क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल के मार्गदर्शन व इंस्पेक्टर नरेंद्र चौहान के नेतृत्व में पांच आरोपितों को सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया।

पहले एक गिरोह के तीन सदस्यों को इफको चौक के नजदीक से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान गांव खांडसा निवासी मोहित, गांव खांडसा में किराये पर रहने वाले मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव उमरी निवासी सचिन एवं गौरव के रूप में की गई। तीनों आटो रिक्शा चलाते थे। दूसरे गिरोह के दो सदस्यों को गांव झाड़सा में कृष्ण मंदिर के नजदीक से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान गांव रायपुर निवासी वसीन (आटो रिक्शा चलाता था) एवं गांव खंडेला निवासी अतुल के रूप में की गई। यह एक निजी कंपनी में काम करता था।

सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल ने बताया कि पहले गिरोह का सरगना मोहित है। सभी वर्ष 2018 से ही वारदात को अंजाम दे रहे थे। मोहित कई बार जेल जा चुका है। मोहित, सचिन एवं गौरव द्वारा फिलहाल चोरी की गई 10 बाइक एवं छह स्कूटी बरामद की जा चुकी है। दूसरे गिरोह के वसीन एवं अतुल मुख्य रूप से आटो रिक्शा चोरी करते थे। दोनों ने दो बाइक भी चोरी की थी। कुछ दिन पहले सोहना इलाके से एक आटो रिक्शा चोरी करने का प्रयास किया था। पुलिस की मुस्तैदी से छोड़कर भाग गए थे।

दूसरे गिरोह से एक आटो रिक्शा के साथ ही दो बाइक बरामद की गई। पांच आरोपितों को मंगलवार अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। पूछताछ से साफ होगा कि सभी ने कितने वाहन उत्तर प्रदेश ले जाकर बेच दिए। किन-किन इलाकों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के ऊपर लगाम कसने के लिए क्राइम ब्रांच की सभी टीमें अपने स्तर पर प्रयास कर रही हैं। प्रयास है कि सभी गिरोह को खत्म किया जाए।

chat bot
आपका साथी